1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. वसई में पुल गिरने से दो वाहन पुल में फंसे, कई गांवों का संपर्क मार्ग बंद

वसई में पुल गिरने से दो वाहन पुल में फंसे, कई गांवों का संपर्क मार्ग बंद

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुल की क्षमता से अधिक प्रतिदिन 40 से 50 भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते थे, जिसके कारण पुल कमजोर होकर ढह गया।

Truck on road- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सड़क में धंसा ट्रक

महाराष्ट्र में वसई पूर्व से वडघर गांव की ओर जाने वाला पुल शनिवार दोपहर अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल से गुजर रहा एक भारी वाहन और एक चार पहिया वाहन टूटे हुए पुल में फंस गए। वसई पूर्व स्थित वडघर गांव को जोड़ने वाला यह पुल शनिवार दोपहर अचानक गिर गया। घटना के दौरान पुल से गुजर रहा एक भारी वाहन और एक कार पुल के ध्वस्त हिस्से में फंस गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पुल के ढह जाने से कई गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।

जानकारी के अनुसार, वसई पूर्व के वडघर गांव की ओर जाने वाला यह पुल शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक भरभराकर गिर पड़ा। उस समय पुल से गुजर रहे एक भारी वाहन और एक चार पहिया वाहन पुल के टूटे हिस्से में फंस गए। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, पुल गिरने के कारण वडघर, काळभोन और लेंडी गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है।

भारी वाहनों के कारण टूटा पुल

यह पुल मेढे ग्राम पंचायत क्षेत्र के मेढे गांव से वडघर, कळभोण, लेंडी तथा आसपास के पाड़ों (बस्तियों) को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित है। इस पुल से स्थानीय नागरिकों के अलावा गौण खनिज खदानों से मिट्टी और मुरुम ढोने वाले भारी वाहन, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की प्रतिदिन बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से क्षमता से अधिक गौण खनिज लादकर गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण पुल की हालत लगातार खराब होती जा रही थी। 

प्रशासन की लापरवाही के कारण हुई घटना

स्थानीय लोगों ने बताया कि भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही से पुल कमजोर हो चुका था। इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत भी की गई, लेकिन प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की इसी लापरवाही और भारी वाहनों के लगातार दबाव के कारण आखिरकार पुल ढह गया। इस मामले में वडघर के स्थानीय निवासी नंदकुमार पाटील ने कहा, “इस मार्ग पर रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही होती है, जिसके कारण यह पुल गिर गया। अब हमारे गांव के लोगों का आने-जाने का मुख्य रास्ता बंद हो गया है। हमें अब गणेशपुरी मार्ग से करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करके अपने घर पहुंचना पड़ेगा।”

(वसई से हानिफ की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

गड्ढे से बचने की कोशिश में थे नगर परिषद के 2 कर्मचारी और ट्रक ने कुचल दिया; CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

चलती बस पर गिर गया विशालकाय पेड़, शीशे को चीरते हुए अंदर घुस गईं शाखाएं; 40 यात्री थे सवार