1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. गड्ढे से बचने की कोशिश में थे नगर परिषद के 2 कर्मचारी और ट्रक ने कुचल दिया; CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

गड्ढे से बचने की कोशिश में थे नगर परिषद के 2 कर्मचारी और ट्रक ने कुचल दिया; CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jul 17, 2026 07:23 pm IST,  Updated : Jul 17, 2026 07:23 pm IST

गंगाखेड़–परली नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में गंगाखेड नगर परिषद के 2 कर्मचारियों की मौत हो गई। मृतक शेख मुनव्वर नगर परिषद के वसूली विभाग में, जबकि संतोष सालवे जलापूर्ति विभाग में कार्यरत थे।

सीसीटीवी में कैद हुआ...- India TV Hindi
सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक हादसा। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के परभणी जिले के गंगाखेड़ इलाके में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में गंगाखेड़ नगर परिषद के 2 कर्मचारियों की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। गंगाखेड़–परली नेशनल हाईवे पर महाराणा प्रताप चौक के पास दोनों कर्मचारी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। रास्ते में गड्ढे से बचने की कोशिश के दौरान बाइक फिसल गई और पीछे से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गंगाखेड़ शहर में शोक की लहर फैल गई है।

गड्ढे से बचने की कोशिश में ट्रक के नीचे मौत

मृतकों की पहचान 55 वर्षीय शेख मुनव्वर शेख छोटू मियां, निवासी मोमीनपुरा, गंगाखेड़ और 52 वर्षीय संतोष प्रल्हाद सालवे, निवासी बाबासाहेब आंबेडकर नगर, गंगाखेड़ के रूप में हुई है। दोनों गंगाखेड़ नगर परिषद में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, गंगाखेड़–परली नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य पिछले चार वर्षों से धीमी गति से चल रहा है। शहर के कई हिस्सों में सड़क निर्माण अधूरा होने के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और पहले भी कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

मृतक कर्मचारियों की फाइल फोटो।
Image Source : REPORTER INPUTमृतक कर्मचारियों की फाइल फोटो।

ट्रक ने दोनों कर्मचारियों को बाइक समेत कुचला

गुरुवार शाम करीब 6 बजे शेख मुनव्वर और संतोष सालवे बाइक से परली रोड की ओर जा रहे थे। तभी महाराणा प्रताप चौक पर सड़क पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में चालक ने बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई। उसी समय पीछे से ईंटों से भरे ट्रक ने दोनों को बाइक समेत कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का भयानक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

वसूली विभाग और जलापूर्ति विभाग में कार्यरत थे दोनों कर्मचारी

घटना के समय शाम का वक्त होने के कारण चौक पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों घायलों को तत्काल गंगाखेड़ उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गंगाखेड़ पुलिस थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक शेख मुनव्वर नगर परिषद के वसूली विभाग में, जबकि संतोष सालवे जलापूर्ति विभाग में कार्यरत थे।

सामने आया सीसीटीवी फुटेज-

इस हादसे के बाद शहर में गहरा शोक है। वहीं, गंगाखेड़ शहर और आसपास की सड़कों पर पड़े गहरे गड्ढों तथा उनकी वजह से लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में सरकार और संबंधित विभाग के प्रति भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है।

वहीं, बता दें कि 2 दिन पहले नासिक में एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें कार सवार 4 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में 2 ट्रकों ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक घायल की हॉस्पिटल में मौत हो गई।

यह भी पढ़ें-

स्कूल वैन का इंतजार कर रही मासूम पर अचानक टूट पड़ा कुत्तों का झुंड, CCTV में कैद भयानक दृश्य

मुंबई की सोसाइटी में बड़ा हादसा, कंस्ट्रक्शन कार्य में लगी क्रेन गिरी, एक की मौत; कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।