1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. स्कूल वैन का इंतजार कर रही मासूम पर अचानक टूट पड़ा कुत्तों का झुंड, CCTV में कैद भयानक दृश्य

स्कूल वैन का इंतजार कर रही मासूम पर अचानक टूट पड़ा कुत्तों का झुंड, CCTV में कैद भयानक दृश्य

 Written By: Khushbu Rawal @khushburawal2
 Published : Jul 17, 2026 03:46 pm IST,  Updated : Jul 17, 2026 03:46 pm IST

गोंदिया में 5 साल की मासूम अपने घर के सामने रोजाना की तरह स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर धावा बोल दिया। हमले में बच्ची घायल हो गई है।

dog attacks school girl- India TV Hindi
5 साल की बच्ची पर कुत्तों का हमला। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के गोंदिया शहर में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब मासूम बच्चे अपने घरों के सामने भी सुरक्षित नहीं हैं। गोंदिया के प्रभाग क्रमांक 4 बाईपास (रिंग रोड) स्थित मजार के पीछे एक बेहद रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। 15 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे, एक 5 साल की मासूम बच्ची अपने घर के सामने रोजाना की तरह स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। तभी अचानक आवारा कुत्तों के एक खूंखार झुंड ने उस पर धावा बोल दिया। यह पूरा वाकया वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर अब शहर में दहशत का माहौल है।

चीख-पुकार से दहला इलाका, फरिश्ता बनकर आई पड़ोसन

अचानक हुए इस जानलेवा हमले में मासूम बालिका सड़क पर गिर गई और कुत्तों का झुंड उस पर टूट पड़ा। बच्ची की दर्दनाक चीखें और रोने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसियों के होश उड़ गए। तभी पड़ोस की एक महिला फरिश्ता बनकर दौड़ी-दौड़ी वहां पहुंची उसने  कुत्तों के झुंड को वहां से भगाया, जिससे बच्ची की जान बाल-बाल बच गई।

प्राइवेट अस्पताल में इलाज जारी, खौफ में मासूम

इस खूनी हमले में बच्ची घायल हो गई है। उसके शरीर पर कुत्तों के पंजों के खरोच और दांतों के हल्के निशान उभरे हैं। वारदात के बाद सहमा हुआ सुरेंद्र हरिनखेड़े परिवार तुरंत अपनी बच्ची को लेकर अस्पताल भागा, जहां उसे रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, शारीरिक चोटों से ज्यादा बच्ची गहरे मानसिक सदमे (डर) में है, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गई थी। फिलहाल एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

CCTV फुटेज आया सामने-

नगरसेवक राज शुक्ला ने नगर परिषद को घेरा, धरपकड़ की मांग

इस गंभीर घटना के बाद इलाके के नागरिकों में भारी आक्रोश है। स्थानीय पार्षद राज शुक्ला ने तुरंत एक्शन में आते हुए गोंदिया नगर परिषद के मुख्य अधिकारी को एक  ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी की जाए और तुरंत मुहिम चलाकर उनकी धरपकड़ शुरू की जाए, ताकि कोई और बच्चा इसका शिकार न बने।

डॉग टेरर से मुक्ति कब मिलेगी?

गोंदिया शहर में आवारा कुत्तों की तादाद अब बेकाबू हो चुकी है। हालात ये हैं कि शहर के हर हिस्से में वाहन चालकों, पैदल चलने वालों, घरों के सामने खेल रहे बच्चों और बुजुर्ग नागरिकों पर हमले आम हो गए हैं। मॉर्निंग और इवनिंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्ग अब लाठी लेकर चलने को मजबूर हैं। देर रात ड्यूटी कर घर लौटने वाले नागरिकों के लिए ये आवारा कुत्ते 'यमदूत' साबित हो रहे हैं वहीं घरों के बाहर खेलने वाले बच्चों के माता-पिता हर वक्त खौफ के साए में जी रहे हैं। गोंदिया की जनता अब प्रशासन से सीधा सवाल पूछ रही है कि आखिर उन्हें इस 'डॉग टेरर' से मुक्ति कब मिलेगी?

बता दें कि पिछले महीने यूपी के मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था जहां अस्पताल में भर्ती 3 साल की मासूम को आवारा कुत्तों ने सिर से पैर तक नोंच डाला था।

(रिपोर्ट- रवि आर्या)

यह भी पढ़ें-

सुपरस्टार के हाउसकीपर को पालतू कुत्ते ने काटा, अब देना पड़ेगा 124 करोड़ रुपयों का हर्जाना, कोर्ट ने दिया आदेश

6 साल के बच्चे को कुत्ते ने काटा, बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदा भाई, डंडे से पीट-पीटकर मार डाला-VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।