टेस्ट क्रिकेट में आमतौर पर युवा खिलाड़ियों को मौका देने और भविष्य की टीम तैयार करने पर जोर दिया जाता है, लेकिन साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में उम्र को लेकर एक ऐसा रिकॉर्ड बना है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। साउथ अफ्रीका की प्लेइंग XI में 30 साल या उससे ज्यादा उम्र के 8 खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसा 102 साल बाद हुआ है, जब साउथ अफ्रीकी टीम इतने अनुभवी खिलाड़ियों के साथ टेस्ट मैच खेलने उतरी है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी पूरी प्लेइंग XI में 30 साल या उससे अधिक उम्र के खिलाड़ियों को जगह दी है।
साउथ अफ्रीका की टीम में 30 साल से ज्यादा उम्र के 8 खिलाड़ी
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर को गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में शुरू हुआ। हालांकि, बारिश के कारण पहले दिन केवल 12.2 ओवर का खेल हो सका। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने शुरुआती दोनों विकेट लेकर मेजबान टीम को 20 रन पर दो झटके दे दिए।
डरबन में खेले गए पहले टेस्ट में 214 रन से हारने वाली साउथ अफ्रीकी टीम ने दूसरे मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग XI में तीन बदलाव किए। 30 साल के मार्क्स एकरमैन को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला, जबकि मैथ्यू ब्रीट्जके और कगिसो रबाडा की भी टीम में वापसी हुई। एकरमैन और रबाडा के शामिल होने के बाद साउथ अफ्रीका की प्लेइंग XI में 30 साल या उससे ज्यादा उम्र के खिलाड़ियों की संख्या 8 हो गई। यह 1924 के बाद पहला मौका है, जब साउथ अफ्रीका की टीम इतने 30 पार के खिलाड़ियों के साथ टेस्ट मैच खेल रही है। यानी पूरे 102 साल बाद टीम में उम्रदराज खिलाड़ियों का ऐसा कॉम्बिनेशन देखने को मिला है।
ऑस्ट्रेलिया की टीम में भी सभी खिलाड़ी 30 पार
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी प्लेइंग XI में केवल 30 साल या उससे अधिक उम्र के खिलाड़ियों को शामिल किया है। टीम में सबसे युवा खिलाड़ी मैट रेनशॉ हैं, जिनकी उम्र 30 साल है। वहीं, स्टीव स्मिथ और स्कॉट बोलैंड 37-37 साल की उम्र के साथ टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। साउथ अफ्रीका की टीम में स्पिनर साइमन हार्मर 37 साल की उम्र के साथ सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं, जबकि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर मार्को यानसन 26 साल के हैं और टीम के सबसे युवा सदस्य हैं। दोनों टीमों को मिलाकर इस टेस्ट में 30 साल या उससे अधिक उम्र के कुल 19 खिलाड़ी मैदान में उतरे हैं। इससे पहले 1926 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच नॉटिंघम में खेले गए टेस्ट मैच में 30 साल से अधिक उम्र के 20 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस तरह मौजूदा मुकाबले ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के एक दुर्लभ रिकॉर्ड की यादें ताजा कर दी हैं।
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश को मिली नई कप्तान, नाहिदा अख्तर संभालेंगी T20 की कमान, शोभना को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
बाबर आजम ने छुआ बड़ा मुकाम, पूरे किए 16000 रन, लेकिन कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब भी बरकरार