1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नासिक में भयानक सड़क हादसा, 2 ट्रकों ने कार को मारी जोरदार टक्कर; 4 लोगों की दर्दनाक मौत

नासिक में भयानक सड़क हादसा, 2 ट्रकों ने कार को मारी जोरदार टक्कर; 4 लोगों की दर्दनाक मौत

 Written By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Published : Jul 15, 2026 06:54 am IST,  Updated : Jul 15, 2026 07:37 am IST

नासिक में भयानक सड़क दुर्घटना हो गई है, जिसमें कार सवार 4 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में 2 ट्रकों ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Nashik road accident- India TV Hindi
नासिक में हुए भयानक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत। Image Source : INDIA TV (प्रतीकात्मक फोटो)

महाराष्ट्र के नासिक जिले में मंगलवार की शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान, एक शख्स गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस के अनुसार, यह भीषण सड़क दुर्घटना नासिक-पेठ के रास्ते पर पेठ-दिंडोरी बॉर्डर के पास सावला घाट पर हुआ।

कार को 2 ट्रकों ने मारी टक्कर

बता दें कि इस दुर्घटना में 2 ट्रक और गुजरात की रजिस्ट्रेशन वाली एक मारुति ईको कार की टक्कर हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह कार नासिक-पेठ के रास्ते पर सप्तश्रृंगी गढ़ से सिलवासा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान, मंगलवार शाम करीब साढ़े 4 बजे पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।

3 लोगों की मौके पर ही हो गई मौत

जान लें कि ट्रक और कार के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार 3 लोगों की दुर्घटना के वक्त ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर तौर पर घायल हो गए। हॉस्पिटल ले जाने के बाद 1 घायल की मौत हो गई, वहीं कार में बैठे 1 अन्य शख्स की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हॉस्पिटल में उसका इलाज हो रहा है। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

दुर्घटना में मारे गए लोगों की अभी नहीं हो पाई पहचान

पुलिस का कहना है कि वे लोगों से सड़क पर चलते समय यातायात के नियमों के पालन की अपील करते हैं। साथ ही, पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद उनके घरवालों को हादसे की जानकारी दी जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद, शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

रेस्क्यू कर कार में फंसे घायलों को निकाला गया

ट्रक से टक्कर के बाद कार बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई और इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही लोकल लोग और पुलिस की टीम हादसे वाली जगह पर पहुंची। फिर, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कार के अंदर फंसे लोगों को उससे बाहर निकाला गया और तत्काल ही पास के अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की वजह से ट्रैफिक भी हुआ प्रभावित

दुर्घटना की वजह से कुछ वक्त के लिए इस मार्ग पर ट्रैफिक भी प्रभावित रहा, जिसको पुलिस ने बाद में सुचारु कराया। इससे पहले महाराष्ट्र के कल्याण में ऐसा ही भयानक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें डंपर और इको कार की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में एक शख्स गंभीर रूप से घायल भी हो गया था।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के वाशिम में दर्दनाक हादसा, सड़क पार कर रही 7 साल की बच्ची को कार ने रौंदा, हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।