1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के वाशिम में दर्दनाक हादसा, सड़क पार कर रही 7 साल की बच्ची को कार ने रौंदा, हुई मौत

महाराष्ट्र के वाशिम में दर्दनाक हादसा, सड़क पार कर रही 7 साल की बच्ची को कार ने रौंदा, हुई मौत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 04, 2026 02:59 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 02:59 pm IST

महाराष्ट्र के वाशिम में एक 7 साल की बच्ची को एक कार ने रौंद दिया, जिससे बच्ची की मौत हो गई है। ये घटना 3 दिन पहले की है, लेकिन उसका सीसीटीवी अब सामने आया है। ये सीसीटीवी इतना दिल दहला देने वाला है, जिसे दिखाया नहीं जा सकता।

Washim- India TV Hindi
बच्ची को कार ने कुचला, सीसीटीवी में कैद हुई घटना Image Source : REPORTER INPUT

वाशिम: महाराष्ट्र के वाशिम में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक सड़क पार कर रही 7 साल की बच्ची को कार ने रौंद दिया है, जिसमें उसकी मौत हो गई है। इस घटना का सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें दिखाी दे रहा है कि कार पहले बच्ची को टक्कर मारती है और फिर उसके ऊपर से गुजर जाती है।

क्या है पूरा मामला?

वाशिम जिले के मंगरुलपीर तहसील के कवठल गांव में तीन दिन पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है। बाजार क्षेत्र में सड़क पार कर रही 7 साल की आर्वी भगत को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। सीसीटीवी फुटेज में कार की टक्कर के बाद बच्ची कुछ दूरी तक घिसटती हुई दिखाई दे रही है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल आर्वी भगत की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने मंगरुलपीर पुलिस थाने में धरना प्रदर्शन किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

गौरतलब है कि देश में हर दिन तमाम लोगों की रोड एक्सीडेंट में मौत हो जाती है। इन मौतों का सबसे आम कारण यातायात के नियमों का पालन नहीं करना होता है। वाहन चालक कई बार ओवर स्पीडिंग करते हैं और कई बार यातायात के नियम तोड़ते हैं। ऐसे में वह खुद की जान को तो खतरे में डालते ही हैं, अन्य यात्रियों की जान के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। 

इस घटना के सीसीटीवी में भी साफ दिखाई दे रहा है कि जिस जगह एक्सीडेंट हुआ, वह भीड़ वाला इलाका था। ऐसे में वाहन चालक चाहता तो अपनी कार की स्पीड को कम रख सकता था लेकिन ऐसा नहीं हुआ और एक मासूम बच्ची काल के गाल में समा गई। बच्ची के परिजनों के घर में मातम पसरा हुआ है। अब उस बच्ची की कमी कोई पूरा नहीं कर पाएगा। ऐसी घटनाएं वाकई झकझोर कर रख देती हैं। यातायात के नियमों का पालन जरूर करें। (रिपोर्ट- इमरान)

ये भी पढ़ें- 

बड़ा हादसा! कुएं में गिरी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 8 लोगों की मौत; PM मोदी और CM फडणवीस ने किया मुआवजे का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।