1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पति की हत्या के लिए प्रेमी की ली मदद, 30 लाख की दी थी सुपारी; महिला समेत 3 लोग गिरफ्तार

पति की हत्या के लिए प्रेमी की ली मदद, 30 लाख की दी थी सुपारी; महिला समेत 3 लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के उल्हासनगर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हत्या की आरोपी महिला समेत तीन लोगों क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने अपने पति की हत्या के लिए प्रेमी और साथियों को 30 लाख रुपये की सुपारी दी है।

Ulhasnagar murder- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने किया हत्याकांड का खुलासा

उल्हासनगर क्राइम ब्रांच की पुलिस ने अंबरनाथ-बदलापुर रोड पर एक युवक की हत्या के मामले का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। बिना सुराग के मामले में पुलिस ने कड़ी मेहनत कर जाल बिछाया और दिल्ली के निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर फिल्मी स्टाइल में पीछा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि एक महिला ने अपने प्रेमी की मदद से उक्त हत्या को अंजाम देने के लिए तीन लोगों को 30 लाख तक की सुपारी दी थी। जिसका  खुलासा जांच में हुआ है।

पेट्रोल पंप के पास मिला था रमेश का शव

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रमेश झा नौकरी के सिलसिले में अंबरनाथ शहर में रहता था। उनकी पत्नी सुमन झा अपने बच्चों के साथ दिल्ली में रहती थीं। 25 फरवरी को अंबरनाथ-बदलापुर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास रमेश झा का शव मिला था। इस घटना की जानकारी मिलते ही अंबरनाथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को कब्जे में ले लिया। उल्हासनगर अपराध जांच विभाग के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजू सोनावणे के मार्गदर्शन में घटना की समानांतर जांच भी शुरू की गई। आखिरकार गुप्त मुखबिर से मिली जानकारी के मुताबिक और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उल्हासनगर क्राइम ब्रांच की पुलिस ने 48 घंटे के अंदर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल कर ली।

पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में आरोपियों को दबोचा

दरअसल, क्राइम ब्रांच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रमेश झा की हत्या करके दिल्ली भाग रहा है। इस इनपुट पर ठाणे अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त शिवराज पाटिल के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश सोनावणे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजू सोनावणे, राजेंद्र थोरवे, गणेश गावड़े, चंद्रकांत पाटिल ने दिल्ली के निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर फिल्मी स्टाइल में जाल बिछाया और चारों आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान आरोपी सुमन झा, दीपक कुमार, संजय कुमार और संतोष गुप्ता को हिरासत में लें लिया गया।

 30 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई हत्या

बताया जा रहा है कि आरोपी सुमन झा ने अपने प्रेमी की मदद से अपने पति रमेश की हत्या के लिए 30 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक आरोपी अभी भी फरार है और उसकी तलाश  की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को आगे की जांच के लिए अंबरनाथ पुलिस को सौंप दिया गया है।

(रिपोर्ट- सुनील शर्मा)

ये भी पढ़ें-