A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. दो बच्चों की मां के प्यार में पड़े 21 साल के लड़के ने पति का किया कत्ल, खाड़ी में फेंक दी लाश; नवी मुंबई की घटना

दो बच्चों की मां के प्यार में पड़े 21 साल के लड़के ने पति का किया कत्ल, खाड़ी में फेंक दी लाश; नवी मुंबई की घटना

21 साल के आरोपी ने दो बच्चों की मां से शादी करने के लिए कहा था लेकिन महिला ने नकार दिया था। इसलिए उसने सोचा कि अगर उसके पति को मारकर ठिकाने लगा देगा तो शायद उसकी शादी हो जाएगी।

crime scene- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK प्रतीकात्मक तस्वीर

नवी मुंबई के वाशी में एक शख्स ने अपनी प्रेमिका के पति को मारकर डेड बॉडी खाड़ी में फेंक दी। डेड बॉडी मिलने के बाद वाशी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और महिला का करीब 2 साल से अफेयर चल रहा था जिसे लेकर महिला का उसके पति से पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

आसपास के लोगों ने महिला के पति को इनके संबंध के बारे में कुछ बताया था। जिसके बाद मृतक आरोपी के कमरे पर गया था और वहां जाकर उसने पूछा कि मैं जो मेरी पत्नी और तेरे संबंधों के बारे में सुन रहा हूं उसकी क्या हकीकत है। इस पर आरोपी ने उसके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। इस बीच आरोपी ने घर में रखे फावड़े से हमला कर घायल कर दिया और उसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को वाशी के खाड़ी में लाकर फेंक दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और इसके बाद एक FIR दर्ज की गई।

पति को मारकर शादी करना चाहता था आरोपी

हत्या की ये वारदात 21 और 22 जुलाई की दरम्यानी रात को हुई। 25 वर्षीय महिला के 35 वर्षीय पति अबुबकर सुहादअली मंडल का आरोपी ने कत्ल कर दिया। वो महिला द्वारा शादी के प्रस्ताव को बार-बार ठुकराए जाने से नाराज था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो पता चला कि उसने महिला से शादी करने के लिए कहा था लेकिन महिला ने नकार दिया था। इसलिए उसने सोचा कि अगर उसके पति को मारकर ठिकाने लगा देगा तो शायद उसकी शादी हो जाएगी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अमीनुर अली अहमदअली मोल्ला के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य नष्ट करना) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था जहां से कोर्ट ने उसे 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

(रिपोर्ट- पुरुषोत्तम कनौजिया)