1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अब 'हरे ड्रम' में मिला प्रेमी का शव, मेहजबीन ने भाई और पति के साथ मिलकर की हत्या

अब 'हरे ड्रम' में मिला प्रेमी का शव, मेहजबीन ने भाई और पति के साथ मिलकर की हत्या

महाराष्ट्र में एक महिला ने भाई और पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। मृतक का शव एक हरे ड्रम में मिला, जो नाले में फेंका गया था। फिलहाल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

हत्या कर हरे ड्रम में डाल दिया था शव।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हत्या कर हरे ड्रम में डाल दिया था शव।

मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हुआ है। यहां एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया गया। मुंब्रा पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेमिका और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। 

प्रेमिका की लोकेशन से हुआ खुलासा

दरअसल, 3 अप्रैल 2026 को मुंब्रा इलाके में रहने वाला अरबाज मकसूद अली खान काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अरबाज के मोबाइल की लोकेशन खंगालनी शुरू की। जांच में पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। पुलिस को उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी इलाके में मिली।

पूछताछ में प्रेमिका ने उगले राज

संदेह के आधार पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। महिला ने कबूल किया कि उसने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज से फिरौती मांगने और उसकी हत्या की साजिश रची थी। इसमें महिला के भाई का दोस्त भी शामिल था। आरोपियों ने अरबाज को पैसे के बहाने वर्सोवा बुलाया। वहां पैसे नहीं मिलने पर उसके हाथ बांधकर प्लास्टिक की पाइप से बेरहमी से पिटाई की और फिर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा इलाके के सुनसान नाले में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें। 

प्रेमिका और उसका भाई गिरफ्तार

फिलहाल मुंब्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजम्मल पठान अभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मुंब्रा पुलिस की तकनीकी जांच और तेजी से की गई कार्रवाई की वजह से इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हो सका। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। (इनपुट- सय्यद नकी हसन)

यह भी पढ़ें-

गोरखपुर: तरबूज के बाद खाई मैगी, एक ही परिवार के 9 लोग बीमार; मचा हड़कंप