A
  1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. असम
  4. भारत में रहकर पाकिस्तान का पक्ष लेने वालों पर बड़ी कार्रवाई, असम में अब तक 45 गिरफ्तार, कुछ पर लगेगा NSA

भारत में रहकर पाकिस्तान का पक्ष लेने वालों पर बड़ी कार्रवाई, असम में अब तक 45 गिरफ्तार, कुछ पर लगेगा NSA

असम के मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत में रहकर पाकिस्तान का पक्ष लेने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के प्रावधान लगाए जाएंगे।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा- India TV Hindi
Image Source : PTI असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर जानकारी देते हुए बताया कि भारत में रहकर पाकिस्तान का पक्ष लेने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस तरह के मामलों में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 45 हो गई है।

मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सोनितपुर जिले के साजिद अहमद और ग्वालपाड़ा जिले के रोजन अली के रूप में हुई है।" उन्होंने कहा, "भारतीय भूमि पर रहकर पाकिस्तान का पक्ष लेने वाले देशद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अब तक 45 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, और हम और भी लोगों की तलाश कर रहे हैं।"

कुछ ने अपनी गलती मानी

इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के प्रावधान लगाए जाएंगे, लेकिन सभी पर नहीं। सरमा ने यह भी बताया कि कुछ लोगों ने पहले ही अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांग ली है और वे वादा कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसा नहीं करेंगे।

कुछ लोग आदतन अपराधी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों को वर्गीकृत किया जाएगा, क्योंकि कुछ लोग आदतन अपराधी हैं, जबकि कुछ ने सिर्फ प्रचार के उद्देश्य से ऐसा किया। उन्होंने ने कहा, "वामपंथी विचारधारा वाले एक अन्य वर्ग ने राजनीतिक कारणों से ऐसा किया है।" उन्होंने यह भी कहा कि NSA लागू करने का निर्णय किसी राजनीतिक कारण से नहीं, बल्कि एक जांच समिति की ओर से की जाने वाली गहन जांच के बाद लिया जाएगा। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

"PM मोदी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास और गर्व", ऑपरेशन सिंदूर' पर CM नीतीश की आई प्रतिक्रिया

ना कम, ना अधूरा...पहलगाम अटैक का बदला पूरा, 25 मिनट में आतंकियों के 21 ठिकाने ध्वस्त, तस्वीरें आईं सामने