मिजोरम: चकमा स्वायत्त जिला परिषद (CADC) ने बुधवार को परिषद क्षेत्र के विकास में रुकावट डालने वाली वित्तीय और अवसंरचनात्मक चुनौतियों के समाधान के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। सीएडीसी के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को दक्षिणी मिजोरम के लॉन्गतलाई जिले के चकमा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान, परिषद के नेताओं ने एक ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र से वित्तीय और ढांचागत सहायता में तेजी लाने की अपील की। उनका कहना था कि इससे विकास की प्रक्रिया में तेजी आएगी और शासन व्यवस्था में सुधार होगा।
विकास संबंधित मुद्दों पर चर्चा
जारी बयान में कहा गया कि नित्यानंद राय ने स्थानीय अधिकारियों और परिषद के नेताओं के साथ बैठक की और विकास संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। सीएडीसी नेताओं ने केंद्र से 47 विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने की मांग की, जिसमें सड़क अवसंरचना, शिक्षा, शासन, कौशल विकास और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।
सीएडीसी नेताओं ने परियोजनाओं की मंजूरी में अत्यधिक देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि इस वजह से इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन में रुकावटें आ रही हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने नेताओं को आश्वासन दिया कि वह परिषद के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों के समाधान के लिए कदम उठाएंगे और केंद्र सरकार को इन मुद्दों की जानकारी देंगे। (भाषा)
ये भी पढ़ें-
अंतिम चरण में राम मंदिर का निर्माण कार्य, राम दरबार समेत 18 मूर्तियां होंगी स्थापित
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के LOGO में बकरा क्यों है?