2018 का साल रफ्तार के शौकीनों के लिए बेहद शानदार रहा। इस साल की शुरुआत में हुए ऑटो एक्सपो में कंपनियों ने अपने नए मॉडल्स को पेश किया। जिसके बाद लोगों के इंतजार को खत्म करते हुए कंपनियों ने साल के लगभग हर महीने नए बाइक और स्कूटर लॉन्च किए। यहां करीब 4 दशक बाद भारतीय बाजार में उतरने वाली जावा ने सुर्खिया बटोरी वहीं टीवीएस, हीरो, बजाज जैसी कंपनियों ने भी शानदार बाइक लॉन्च कीं।
जावा क्लसिक
भारतीय बाजार में जावा का नाम कई दशकों पुराना है। इस शानदार बाइक ने एक बार फिर बाजार में एंट्री ली है। महिंद्रा एंड महिंद्रा की सब्सिडियरी और चेक गणराज्य के ब्रांड जावा ने अपने नाम के साथ अपने पुराने लुक को भी बरकरार रखा है। कंपनी ने नवंबर में अपनी इन मोटरसाइकिलों को लॉन्च किया था। कंपनी ने भारत में तीन मॉडल पेश किए हैं- जावा क्लासिक, जावा फोर्टी टू और जावा पेराक। हालांकि इन बाइक के सिर्फ दो मॉडल की बुकिंग फिलहाल शुरू हुई है। महिंद्रा ने इसके लिए मध्य प्रदेश के पीथमपुर में प्लांट स्थापित किया है। पहले बात करें जावा क्लासिक की तो इसमें 293 सीसी का इंजन दिया गया है, जो कि 27.37 पीएस की पावर और 28 एनएम का टॉर्क पैदा करती है। इसकी कीमत 1,64,000 रुपए (एक्स शोरूम दिल्ली) है। दूसरा मॉडल जावा फोर्टी टू है इसमें भ्ज्ञी 293cc का इंजन है। यह बाइक एबीएस के साथ आती है, इसकी कीमत 1,55,000 रुपए (एक्स शोरूम दिल्ली) है।
रॉयल एन्फील्ड इंटरसेप्टर जीटी 650
650 सीसी की यह बाइक अपने लुक और परफॉर्मेंस की वजह से हिट साबित हुई। राइड और हैंडलिंग का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला। अपनी ऑथेंटिक फिनिश और स्टाइल के चलते यह इस सेग्मेंट में काफी पॉपुलर रही। बाइक का इंजन 7250 आरपीएम में 47 एचपी की पावर और 5250 आरपीएम पर 52 न्यूटन मीटर का टॉर्क जेनरेट करता है। बाइक में 13.7 लीटर का पेट्रोल टैंक दिया गया है। कीमत की बात करें तो यह बाइक 2.5 लाख रुपए में लॉन्च की गई है।