1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. अक्टूबर में गाड़ियों की ताबड़तोड़ बिक्री- जानें मारुति, महिंद्रा, टाटा, हुंडई में से किसने बेची सबसे ज्यादा गाड़ियां

अक्टूबर में गाड़ियों की ताबड़तोड़ बिक्री- जानें मारुति, महिंद्रा, टाटा, हुंडई में से किसने बेची सबसे ज्यादा गाड़ियां

महिंद्रा एंड महिंद्रा बताया कि इस साल अक्टूबर में उसकी कुल बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 1,20,142 यूनिट हो गई।

GST, goods and services taxes, goods and services tax, gst slab, gst tax slab, next generation gst r- India TV Hindi
Image Source : MAHINDRA AND MAHINDRA टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की बिक्री में 39% की बंपर बढ़त

Automobile Sales in October 2025: अक्टूबर में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड की कुल बिक्री 7 प्रतिशत बढ़कर 2,20,894 यूनिट दर्ज की गई। पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने 2,06,434 गाड़ियां बेची थीं। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि कमर्शियल गाड़ियों सहित उसकी कुल घरेलू बिक्री 1,80,675 यूनिट के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई, जो पिछले अक्टूबर में 1,63,130 थी। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने कहा कि घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री बढ़कर 1,76,318 इकाई हो गई, जो अक्टूबर 2024 में 1,59,591 इकाई थीं।

महिंद्रा ने अक्टूबर में बेचीं 71,624 एसयूवी

महिंद्रा एंड महिंद्रा बताया कि इस साल अक्टूबर में उसकी कुल बिक्री 26 प्रतिशत बढ़कर 1,20,142 यूनिट हो गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा के मुताबिक, अक्टूबर में घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 71,624 इकाई हो गई, जबकि पिछले अक्टूबर में ये 54,504 यूनिट थी। घरेलू बाजार में कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 31,741 यूनिट रही। महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा, ''अक्टूबर में एसयूवी की बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 71,624 इकाई रही, जो किसी भी महीने में हमारी अब तक की सबसे ज्यादा एसयूवी बिक्री है।''

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की बिक्री में 39% की बंपर बढ़त

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने शनिवार को बताया कि अक्टूबर में उसकी कुल बिक्री 39 प्रतिशत बढ़कर 42,892 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल अक्टूबर में 30,845 थी। टीकेएम ने एक बयान में कहा कि पिछले महीने 2,635 गाड़ियों का निर्यात किया गया। 

टाटा की बिक्री में भी शानदार बढ़ोतरी

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड की कुल बिक्री अक्टूबर में 26.6 प्रतिशत बढ़कर 61,295 हो गई। कंपनी ने पिछले साल अक्टूबर में 61,295 गाड़ियां बेची थीं। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने शेयर बाजार को बताया कि अक्टूबर में लगातार दूसरे महीने रिकॉर्ड 61,295 गाड़ियों की बिक्री हुई। इसमें एसयूवी का योगदान सबसे ज्यादा रहा, जिनकी 47,000 से ज्यादा यूनिट्स बिकीं। कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री 9,286 यूनिट्स के साथ अभी तक की सबसे ज्यादा बिक्री रही, जो अक्टूबर 2024 में 5,355 इकाइयों के मुकाबले 73.4 प्रतिशत बढ़ी है। 

हुंडई, किआ, स्कोडा की बिक्री भी बढ़ी

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड की कुल बिक्री अक्टूबर 2025 में 69,894 रही। हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने शनिवार को एक बयान में कहा कि अक्टूबर 2025 की बिक्री में 53,792 गाड़ियों की घरेलू बिक्री और 16,102 गाड़ियों का निर्यात शामिल है। किआ इंडिया की बिक्री अक्टूबर में 30 प्रतिशत बढ़कर 29,556 हो गई, जो भारतीय बाजार में एंट्री के बाद से कंपनी की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है। किआ इंडिया ने शनिवार को एक बयान में कहा कि कंपनी ने अक्टूबर 2024 में 22,735 गाड़ियां बेची थीं। स्कोडा ऑटो इंडिया ने अक्टूबर 2025 में 8,252 गाड़ियों की बिक्री की सूचना दी, जो अब तक की उसकी सबसे ज्यादा मासिक बिक्री है। 

Latest Business News