A
Hindi News पैसा ऑटो ब्रिटेन सरकार ने JLR को दी 1.5 अरब पाउंड की लोन गारंटी, टाटा मोटर्स की कंपनी पर इस महीने हुआ था भयानक साइबर अटैक

ब्रिटेन सरकार ने JLR को दी 1.5 अरब पाउंड की लोन गारंटी, टाटा मोटर्स की कंपनी पर इस महीने हुआ था भयानक साइबर अटैक

ये गारंटी 'निर्यात विकास गारंटी' योजना के तहत दी जाएगी, जो कि ब्रिटेन एक्सपोर्ट फाइनेंस नामक सरकारी एजेंसी द्वारा चलाई जाती है। कंपनी को ये रकम 5 सालों में चुकानी होगी।

jlr, jaguar land rover, tata motors, tata, tata group, cyber attack, jaguar land rover cyber attack,- India TV Paisa Image Source : RANGE ROVER जगुआर लैंड रोवर को 5 साल में चुकाना होगा लोन

ब्रिटेन सरकार ने रविवार को जगुआर लैंड रोवर (JLR) को 1.5 अरब पाउंड तक की लोन गारंटी देने का ऐलान किया। ये मदद एक बड़े साइबर अटैक के बाद जेएलआर की सप्लाई चेन को स्थिरता देने के लिए की जा रही है। जेएलआर, भारत की टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली एक प्रतिष्ठित ब्रिटिश कार मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी है। जगुआर लैंड रोवर को ये लोन एक कमर्शियल बैंक से दिया जाएगा, लेकिन इसकी गारंटी ब्रिटेन के डिपार्टमेंट फॉर बिजनेस एंड ट्रेड (डीबीटी) की ओर से दी जाएगी। 

जगुआर लैंड रोवर को 5 साल में चुकाना होगा लोन

ये गारंटी 'निर्यात विकास गारंटी' योजना के तहत दी जाएगी, जो कि ब्रिटेन एक्सपोर्ट फाइनेंस नामक सरकारी एजेंसी द्वारा चलाई जाती है। कंपनी को ये रकम 5 सालों में चुकानी होगी। जेएलआर पर इस महीने की शुरुआत में एक बड़ा साइबर अटैक हुआ था, जिसके कारण कंपनी को अपने कई प्लांट में उत्पादन रोकना पड़ा था। इससे न सिर्फ कंपनी को नुकसान हुआ, बल्कि उसके साथ काम करने वाली छोटी और मध्यम दर्जे की कंपनियां भी संकट में आ गईं। 

ब्रिटेन के व्यापार मंत्री पीटर काइल ने जेएलआर पर हुए साइबर अटैक पर क्या कहा

ब्रिटेन सरकार की इस मदद का उद्देश्य इन्हीं कंपनियों को सहारा देना और नौकरियों की सुरक्षा करना है। ब्रिटेन के व्यापार मंत्री पीटर काइल ने कहा, ''ये साइबर अटैक सिर्फ एक प्रतिष्ठित कंपनी पर नहीं, बल्कि ब्रिटेन के ऑटोमोबाइल सेक्टर और उससे जुड़े लाखों लोगों की आजीविका पर हमला था। हमारी इस गारंटी से वेस्ट मिडलैंड्स, मर्सीसाइड और पूरे देश में नौकरियों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।'' 

ब्रिटेन में हैं जगुआर लैंड रोवर के 3 बड़े प्लांट

बताते चलें कि ब्रिटेन में जगुआर लैंड रोवर के 3 बड़े प्लांट हैं। कंपनी सीधे तौर पर 34,000 लोगों को रोजगार देती है और इसकी सप्लाई चेन में 1.2 लाख से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं। ब्रिटेन की सरकार और साइबर एक्सपर्ट जेएलआर के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि जल्द से जल्द उत्पादन दोबारा शुरू किया जा सके। उम्मीद है कि उत्पादन अगले महीने तक बहाल हो जाएगा। कंपनी ने जानकारी दी है कि अब उसके कुछ डिजिटल सिस्टम दोबारा चालू हो गए हैं और वो सप्लायर्स के बकाया भुगतान को तेजी से निपटा रही है। 

Latest Business News