साल 2025 का नवंबर महीना जैसे-जैसे अपनी समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, कार बाज़ार में ऑफर्स की धूम मची हुई है। मारुति सुजुकी, होंडा, टाटा और महिंद्रा सहित लगभग सभी बड़े ब्रांड्स ग्राहकों को लुभाने के लिए आकर्षक डील्स पेश कर रहे हैं। ये ऑफर्स न केवल स्टॉक क्लियर करने के लिए हैं, बल्कि उपभोक्ताओं को साल के सबसे बेहतरीन डील्स में से एक का फायदा उठाने का शानदार मौका भी दे रहे हैं। अगर आप काफी समय से नई कार खरीदने का मन बना रहे थे, तो अभी आपके पास एक अच्छा मौका है। इन धमाकेदार डील्स का लाभ उठाने के लिए आपके पास चंद दिन ही बाकी हैं। कौन सी कंपनी आपको कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस या कॉर्पोरेट बेनिफिट्स के रूप में सबसे ज्यादा फायदा दे रही है, इससे पहले कि ये ऑफर्स हाथ से निकल जाएं!
मारुति के पॉपुलर मॉडल्स पर ₹52,500 तक की बचत
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी अपने कई लोकप्रिय मॉडलों पर बड़े फायदे दे रही है। मारुति सुजुकी एरिना डीलरशिप्स के तहत आने वाले कई मॉडल्स पर इस महीने ग्राहक कुल ₹52,500 तक के फायदे उठा सकते हैं। इन प्रमुख मॉडल्स में ब्रेज़ा, स्विफ्ट, सेलेरियो, और ऑल्टो K10 जैसे बेस्ट-सेलर कार शामिल हैं। कंपनी कस्टमर्स को कंज्यूमर डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट बेनिफिट और स्क्रैपेज बोनस भी ऑफर कर रही है। cars24 के मुताबिक, ग्राहकों को इस बात पर ध्यान देना होगा कि वे एक्सचेंज बोनस और स्क्रैपेज बोनस में से किसी एक ही लाभ का दावा कर सकते हैं, दोनों का नहीं।
टाटा मोटर्स भी दे रहा आकर्षक बेनिफिट
टाटा मोटर्स ने नवंबर 2025 के लिए अपने ICE, CNG और EV पोर्टफोलियो पर आकर्षक फायदों की घोषणा की है। 1 से 30 नवंबर तक चलने वाली इस स्कीम में कंज्यूमर डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस, कॉर्पोरेट इंसेंटिव और लॉयल्टी प्रोग्राम के साथ-साथ खास EV-टू-EV और ICE-टू-EV अपग्रेड रिवॉर्ड शामिल हैं। ये ऑफर टियागो हैचबैक से लेकर कर्व EV तक और मॉडल और वेरिएंट के आधार पर ₹35,000 से लेकर ₹1.95 लाख तक की बचत के साथ है।
होंडा की कारों पर 1.61 लाख रुपये तक का फायदा
होंडा के 2nd-gen Amaze, 3rd-gen Amaze, City, City Hybrid, और Elevate जैसे मॉडल्स पर आप इस महीने आकर्षक डील्स और डिस्काउंट पा सकते हैं। इन पर कुल 1.61 लाख रुपये तक के फायदे मिल रहे हैं। होंडा कारों पर ये डिस्काउंट कुछ समय के लिए हैं और कुछ मामलों में, ये कुछ खास शर्तों के तहत खास मॉडल्स पर ही लागू होते हैं। होंडा अमेज पर 98,000 रुपये तक, होंडा सिटी और सिटी हाइब्रिड पर 1.57 लाख रुपये तक और होंडा एलिवेट एसयूवी पर 1.61 लाख रुपये तक का बेनिफिट्स ले सकते हैं।
महिंद्रा के ऑफर भी शानदार
महिंद्रा भी खरीदारों को कुछ खास मॉडल्स पर 4.25 लाख रुपये तक का भारी डिस्काउंट ऑफर कर रहा है। इनमें कैश डिस्काउंट, एक्सेसरीज़ और भी बहुत कुछ शामिल है। साथ ही, मॉडल साल के आधार पर, एक ही वेरिएंट पर सटीक डिस्काउंट अलग-अलग हो सकता है। cars24 के मुताबिक, स्कॉर्पियो एन पर 40,000 रुपये तक, स्कॉर्पियो पर 50,000 रुपये तक, एक्सयूवी 3एक्सओ पर 55,000 रुपये तक, एक्सयूवी700 पर 1 लाख रुपये तक, बोलेरो पर 1.30 लाख रुपये तक, बोलेरो नियो पर 1.35 लाख रुपये तक, एक्सयूवी400 पर 3.25 लाख रुपये तक और मराज़ो पर 4.25 लाख रुपये तक का बेनिफिट पा सकते हैं।
Latest Business News