1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. भारत में बनीं Renault Duster का एक्सपोर्ट शुरू, कंपनी ने दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना की पहली खेप

भारत में बनीं Renault Duster का एक्सपोर्ट शुरू, कंपनी ने दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना की पहली खेप

रेनो इंडिया आने वाले महीनों में दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपने इस लोकप्रिय एसयूवी मॉडल का एक्सपोर्ट शुरू करने की योजना है।

Renault Duster, Renault Triber, Renault Duster export, export, made in india car- India TV Hindi
Image Source : RENAULT INDIA भारत में बनीं Renault Duster का एक्सपोर्ट शुरू

ऑटोमोबाइल कंपनी रेनो इंडिया ने अपनी लोकप्रिय एसयूवी डस्टर का एक्सपोर्ट शुरू कर दिया है। कंपनी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। रेनो इंडिया ने इस साल की शुरुआत में अपनी डस्टर को नया रूप देकर दोबारा लॉन्च किया था। फ्रांस की कार मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी रेनो की भारतीय यूनिट रेनो इंडिया ने आज एक बयान में कहा कि भारत में बनीं 750 डस्टर की पहली खेप चेन्नई से दक्षिण अफ्रीका भेजी गई है। इसके साथ ही नई डस्टर के लिए रेनो इंडिया के एक्सपोर्ट प्रोग्राम की शुरुआत हो गई है।

दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी डस्टर को एक्सपोर्ट करने की है प्लानिंग

रेनो इंडिया आने वाले महीनों में दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपने इस लोकप्रिय एसयूवी मॉडल का एक्सपोर्ट शुरू करने की योजना है। रेनो ग्रुप इंडिया के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) स्टेफन डेब्लेज ने डस्टर के एक्सपोर्ट की शुरुआत पर कहा कि ये चेन्नई स्थित मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट की गुणवत्ता, क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता की पुष्टि करता है। डेब्लेज ने कहा, ''ये उपलब्धि दर्शाती है कि भारत को रेनो के वैश्विक औद्योगिक ढांचे का अभिन्न अंग बनाने की दिशा में कंपनी ने उल्लेखनीय प्रगति की है।'' 

पहली बार 2012 में लॉन्च हुई थी रेनो डस्टर

CEO स्टेफन डेब्लेजने कहा कि कंपनी भारत की विनिर्माण महत्वाकांक्षाओं में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है और साल 2030 तक भारत से सालाना दो अरब यूरो के निर्यात का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में काम कर रही है। बताते चलें कि रेनो इंडिया ने इस साल की शुरुआत में डस्टर को भारतीय बाजार में नए सिरे से पेश किया था। कंपनी ने पहली बार साल 2012 में भारत में डस्टर को लॉन्च किया था। भारतीय बाजार में एसयूवी सेगमेंट को लोकप्रिय बनाने में डस्टर ने अहम भूमिका निभाई थी।

कंपनी ने 2022 में बंद कर दी थी डस्टर की मैन्यूफैक्चरिंग 

हालांकि, करीब 10 साल के बाद साल 2022 में इस मॉडल की मैन्यूफैक्चरिंग को बंद कर दिया गया था। लेकिन, कंपनी ने भारत में एसयूवी की बढ़ती मांग को देखते हुए एक बार फिर अपनी पसंदीदा कार को नया रंग-रूप देकर लॉन्च कर दिया। बताते चलें कि कंपनी अभी भारतीय बाजार में नई डस्टर समेत कुल 4 मॉडल बेच रही है। इनमें रेनो ट्राइबर, काइगर और क्विड शामिल हैं। रेनो की ट्राइबर एक 7 सीटर कार है, जो देश की सबसे सस्ती 7 सीटर कारों में से एक है।

Latest Business News