A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. ₹1.17 करोड़ वाले HR 88 B 8888 नंबर प्लेट की दोबारा होगी नीलामी, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

₹1.17 करोड़ वाले HR 88 B 8888 नंबर प्लेट की दोबारा होगी नीलामी, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

सुधीर कुमार ने रविवार को कहा कि उन्होंने शनिवार रात दो बार बोली की रकम जमा करने की कोशिश की, लेकिन टेक्निकल गड़बड़ी के कारण भुगतान नहीं हो पाया।

VIP Number Plate,vip number plate auction, India's most expensive car number, Haryana VIP Number Pla- India TV Hindi
Image Source : AI GENERATED IMAGE कुल 45 आवेदकों ने लगाई थी बोली

पिछले हफ्ते हरियाणा में 1.17 करोड़ रुपये में बिकने वाली HR 88 B 8888 नंबर प्लेट के लिए दोबारा बोली लगाई जाएगी। दरअसल, इस नंबर प्लेट के लिए बोली लगाने वाली व्यक्ति ने समय पर पैसे नहीं चुकाए, जिसकी वजह से अब HR 88 B 8888 नंबर प्लेट की दोबारा नीलामी होगी। ट्रांसपोर्टेशन सर्विस रोमुलस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुधीर कुमार ने VIP नंबर HR 88 B 8888 के लिए 1.17 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। ये भारत के इतिहास में किसी भी नंबर प्लेट के लिए लगाई गई सबसे ज्यादा बोली थी। इस नंबर प्लेट के लिए 1.17 करोड़ रुपये चुकाने की आखिरी आज, 1 दिसंबर, दोपहर 12 बजे थी।

नंबर प्लेट के लिए 1.17 रुपये खर्च करने के फैसले के खिलाफ है सुधीर का परिवार

एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुधीर कुमार ने रविवार को कहा कि उन्होंने शनिवार रात दो बार बोली की रकम जमा करने की कोशिश की, लेकिन टेक्निकल गड़बड़ी के कारण भुगतान नहीं हो पाया। उन्होंने ये भी कहा कि उनका परिवार HR 88 B 8888 नंबर प्लेट के लिए 1.17 करोड़ रुपये खर्च करने के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि इस नंबर प्लेट के लिए अभी परिवार के साथ बातचीत चल रही है। सुधीर ने बताया कि परिवार के बड़े-बुजुर्गों का कहना है कि नंबर प्लेट के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च करना समझदारी का फैसला नहीं है। जबकि वे इस नंबर के लिए मोटी-से-मोटी रकम लगाने के लिए तैयार हैं। सुधीर ने कहा कि वे अपने परिवार के साथ बातचीत कर सोमवार तक आखिरी फैसला कर लेंगे।

कुल 45 आवेदकों ने लगाई थी बोली

इस प्रीमियम नंबर की नीलामी 50,000 रुपये के बेस प्राइस से शुरू हुई थी। बुधवार दोपहर 12 बजे तक इस नंबर के लिए 88 लाख रुपये तक बोली पहुंच चुकी थी और शाम 5 बजे 1.17 करोड़ रुपये की बोली के साथ नीलामी बंद हो गई थी। इस नंबर के लिए कुल 45 आवेदकों ने बोली लगाई थी। हरियाणा में VIP या फैंसी नंबर प्लेटों की ऑनलाइन नीलामी एक साप्ताहिक प्रक्रिया है, जिसे fancy.parivahan.gov.in वेबसाइट के माध्यम से संचालित किया जाता है। इसमें आवेदक शुक्रवार शाम 5 बजे से लेकर सोमवार सुबह 9 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

Latest Business News