1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. E20 नहीं, दूषित पेट्रोल की वजह से खराब हुई थी मनीष कश्यप की इनोवा हाईक्रॉस, टोयोटा ने जांच के बाद बताया सच

E20 नहीं, दूषित पेट्रोल की वजह से खराब हुई थी मनीष कश्यप की इनोवा हाईक्रॉस, टोयोटा ने जांच के बाद बताया सच

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने कहा कि गाड़ी की विस्तृत तकनीकी जांच में पाया गया कि समस्या दूषित पेट्रोल के कारण हुई थी।

E20, E20 Petrol, Innova Hycross, toyota innova hycross, manish kashyap- India TV Hindi
Image Source : MANISH KASHYAP E20 पेट्रोल के साथ टेस्टिंग में सामान्य पाई गई गाड़ी

जन सुराज पार्टी से बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले और मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप ने अभी हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उन्होंने दावा किया था कि E20 पेट्रोल की वजह से उनकी इनोवा हाईक्रॉस खराब हो गई और कंपनी ने उस खराबी के लिए वॉरंटी पर सर्विस देने से साफ इनकार कर दिया। मनीष कश्यप के इस पूरे दावे पर अब खुद टोयोटा ने अपनी सफाई दी है।

टोयोटा ने बताई खराबी की मुख्य वजह

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने शनिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिखी 'टोयोटा हाईक्रॉस' कार की खराबी इथेनॉल ब्लेंडेड (E20) पेट्रोल के कारण नहीं, बल्कि दूषित ईंधन (पेट्रोल) की वजह से हुई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मनीष ने दावा किया था कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के कारण उनकी टोयोटा हाईक्रॉस में तकनीकी समस्या आ गई। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने कहा कि इनोवा हाईक्रॉस E20 के अनुकूल है और उसे E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के लिए डिजाइन, टेस्टिंग और सर्टिफाइड किया गया है। 

E20 पेट्रोल के साथ टेस्टिंग में सामान्य पाई गई गाड़ी

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने कहा, ''गाड़ी की विस्तृत तकनीकी जांच में पाया गया कि समस्या दूषित पेट्रोल के कारण हुई थी। जांच में ये भी पुष्टि हुई कि गाड़ी के किसी भी पार्ट या फ्यूल सिस्टम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। हमारी सर्विस प्रोसेस के तहत फ्यूल टैंक और फ्यूल लाइन को पूरी तरह खाली कर साफ किया गया और गाड़ी में स्टैंडर्ड E20 पेट्रोल भरा गया। इसके बाद गाड़ी की टेस्टिंग की गई, जिसमें वह सामान्य स्थिति में पाई गई और फिर ग्राहक को गाड़ी सौंप दी गई। कंपनी ने कहा कि ये खराबी E20 के इस्तेमाल से जुड़ी नहीं थी, बल्कि सिर्फ नॉन-स्टैंडर्ड और दूषित पेट्रोल के कारण हुई।'' 

टोयोटा ने ग्राहकों से की अपील

कंपनी ने ग्राहकों से अपील की कि वे फ्यूल में मिलावट या दूषित ईंधन के जोखिम को कम करने के लिए हमेशा अधिकृत और प्रतिष्ठित पेट्रोल पंपों से ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं, क्योंकि इससे गाड़ी के परफॉर्मेंस पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। कंपनी ने कहा, ''हम ग्राहकों से ये भी आग्रह करते हैं कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से उपलब्ध वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित जानकारी पर भरोसा करें। किसी भी प्रश्न या समस्या की स्थिति में वे अपने नजदीकी टोयोटा के अधिकृत डीलरशिप या ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करें।'' 

पीटीआई इनपुट्स के साथ

ये भी पढ़ें-

एथेनॉल वाले E20 पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे हैं झूठ, सरकार ने दिए सभी सवालों के जवाब

Latest Business News