1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. कार खरीदने पर ₹30,000 तक की बचत का आखिरी मौका, 14 जून को खत्म हो जाएगी मारुति की स्कीम

कार खरीदने पर ₹30,000 तक की बचत का आखिरी मौका, 14 जून को खत्म हो जाएगी मारुति की स्कीम

मारुति सुजुकी ने कहा कि उनकी कीमत सुरक्षा योजना के तहत छोटी कार की कीमतें 14 जून, 2026 तक की गई सभी बुकिंग के लिए अपरिवर्तित रहेंगी।

maruti suzuki, maruti suzuki cars, maruti suzuki offers, maruti suzuki wagonr, maruti suzuki alto k1- India TV Hindi
Image Source : MARUTI SUZUKI 14 जून को खत्म होगी कीमत सुरक्षा योजना

देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने मंगलवार को अपनी छोटी कारों के लिए कीमत सुरक्षा योजना (Price Protection Scheme) की घोषणा की है। इस योजना के तहत ऑल्टो के10, एस-प्रेसो, सेलेरियो और वैगनआर जैसी छोटी कार की कीमतों को सुरक्षित किया गया है, जिससे ग्राहकों को गाड़ियों की कीमतों में होने वाली संभावित बढ़ोतरी का असर नहीं झेलना पड़ेगा। बताते चलें कि मारुति सुजुकी ने मई में सभी मॉडल की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जो इसी महीने लागू होने वाली हैं।

14 जून तक बुक करने पर मिलेगा कीमत सुरक्षा योजना का फायदा

मारुति सुजुकी ने कहा कि उनकी कीमत सुरक्षा योजना के तहत छोटी कार की कीमतें 14 जून, 2026 तक की गई सभी बुकिंग के लिए अपरिवर्तित रहेंगी। यानी, अगर कोई ग्राहक 14 जून तक मारुति की ऑल्टो के10, एस-प्रेसो, सेलेरियो या वैगनआर बुक कर देता है तो उसे गाड़ी खरीदने पर बढ़ी हुई कीमत नहीं देनी होगी और वे पुरानी कीमत पर ही कार खरीद सकेंगे। ऐसे में, ग्राहकों को छोटी कार की खरीद पर 30,000 रुपये तक की बचत हो सकती है।

किन लोगों के लिए है योजना

मारुति सुजुकी इंडिया के मार्केटिंग और सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने कहा, ''हमारे चैनल पार्टनर्स से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर, हमने ये कीमत सुरक्षा योजना की घोषणा की है। उनका अनुरोध सीधा था- जो ग्राहक कार खरीदने का मन बना रहे हैं, उन्हें कीमत में बढ़ोतरी के बाद पीछे न हटना पड़े। इसलिए, हम छोटी कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए इस योजना पर फैसला लिया। अगर आप बुकिंग करते हैं, तो हम आपको कुछ राहत देंगे।'' 

महंगाई के बढ़ते दबाव के बावजूद ग्राहकों के लिए शुरू की गई योजना

ऑटोमोबाइल कंपनी ने कहा कि ये योजना ग्राहकों के लिए किफायती विकल्पों को सुरक्षित रखने के लिए शुरू की गई है और वो भी खासकर ऐसे समय में जब महंगाई का दबाव और प्रतिकूल लागत वातावरण के बीच गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

अलग-अलग मॉडल पर अलग-अलग होगी बढ़ोतरी

मारुति सुज़ुकी इंडिया ने पिछले महीने घोषणा की थी कि वो महंगाई के दबाव और लागत बढ़ने की वजह से जून 2026 से अपने सभी गाड़ियों की कीमतें 30,000 रुपये तक बढ़ाएगी। हालांकि, कीमत में बढ़ोतरी की सटीक रकम हर मॉडल के हिसाब से अलग-अलग होगी।

Latest Business News