A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. फोन से लॉक-अनलॉक होगी महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV, फिजिकल चाबी साथ रखने की जरूरत खत्म

फोन से लॉक-अनलॉक होगी महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV, फिजिकल चाबी साथ रखने की जरूरत खत्म

महिंद्रा का पहला eSUV मॉडल, जिसमें यह फीचर इनबिल्ट होगा, नवंबर 2025 से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। महिंद्रा eSUV के मालिक अपने Samsung Wallet को अपनी कार से पेयर कर सकेंगे।

महिंद्रा की इलेक्ट्रिक एसयूवी।- India TV Hindi
Image Source : MAHINDRA महिंद्रा की इलेक्ट्रिक एसयूवी।

ऑटोमोबाइल दिग्गज महिंद्रा एंड महिंद्रा और दक्षिण कोरियाई इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग ने मिलकर इलेक्ट्रिक एसयूवी (eSUV) के लिए डिजिटल कार की विकसित की है, जो सैमसंग वॉलेट के साथ इंटीग्रेटेड होगी। इस फीचर के जरिए अब ड्राइवरों को वाहन की फिजिकल चाबी साथ रखने की आवश्यकता नहीं होगी। पीटीआई की खबर के मुताबिक, सैमसंग इंडिया के सीनियर डायरेक्टर (सर्विसेज एंड ऐप्स बिजनेस) मधुर चतुर्वेदी ने बुधवार को जानकारी दी कि महिंद्रा यह पहल करने वाली पहली भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी बन गई है। 

नवंबर 2025 से ऐसी eSUV की होगी बिक्री 

खबर के मुताबिक, सैमसंग वॉलेट इससे पहले भारत में बीएमडब्ल्यू, बीवाईडी और मर्सिडीज-बेंज जैसी विदेशी कंपनियों के डिजिटल की फीचर को सपोर्ट करता रहा है। यह सेवा गैलेक्सी Z और S सीरीज के सैमसंग वॉलेट यूज़र्स के लिए उपलब्ध होगी। चतुर्वेदी ने बताया कि महिंद्रा का पहला eSUV मॉडल, जिसमें यह फीचर इनबिल्ट होगा, नवंबर 2025 से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। वहीं, मौजूदा कारों के लिए यह सुविधा फेज़वाइज रोलआउट के जरिए दी जाएगी।

चतुर्वेदी ने बताया कि मौजूदा कार मालिकों को यह फीचर पाने के लिए महिंद्रा सर्विस सेंटर में जाकर सॉफ्टवेयर अपडेट करवाना होगा। यह फीचर 2020 के बाद लॉन्च हुई Galaxy Z और S सीरीज में काम करेगा और हम जल्द ही इसे A सीरीज के लिए भी उपलब्ध कराने की योजना बना रहे हैं।

अब फोन से लॉक-अनलॉक होगी कार

महिंद्रा eSUV के मालिक अपने Samsung Wallet को अपनी कार से पेयर कर सकेंगे। एक बार पेयरिंग हो जाने के बाद, उन्हें फिजिकल कार की साथ रखने की जरूरत नहीं होगी। चतुर्वेदी ने बताया कि 'डिजिटल की' फोन की बैटरी खत्म होने पर भी काम करती है। NFC तकनीक के कारण, अगर फोन बंद भी हो जाए या बैटरी खत्म हो जाए, तब भी फोन में मौजूद शेष चार्ज से कार लॉक और अनलॉक की जा सकती है। यूजर बस फोन को टैप करके दरवाजा खोल सकते हैं या बंद कर सकते हैं, और चार्जिंग स्टैंड पर रखते हुए भी इग्निशन ऑन/ऑफ कर सकते हैं।

अन्य वाहनों में भी फीचर लाने की तैयारी

चतुर्वेदी ने बताया कि भविष्य में महिंद्रा के अन्य मॉडल्स में भी यह डिजिटल की फीचर जोड़ने की योजना है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोलगुंटा ने कहा- हम सैमसंग के साथ साझेदारी करके बेहद खुश हैं। डिजिटल कार की फीचर के जरिए हम अपने ग्राहकों को एक और प्रथम श्रेणी अनुभव दे रहे हैं, जिससे उनकी हर यात्रा और भी सुगम और सुविधाजनक बनेगी।

Latest Business News