A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. मारुति सुजुकी पेट्रोल पंप पर भी देगी अब कार सर्विस की सुविधा, करा सकेंगे इस तरह के रिपेयर और बहुत कुछ

मारुति सुजुकी पेट्रोल पंप पर भी देगी अब कार सर्विस की सुविधा, करा सकेंगे इस तरह के रिपेयर और बहुत कुछ

मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा कि यह पहल उसके सर्विस नेटवर्क को और मजबूत करेगी, जो पहले ही भारत के 2,882 शहरों में 5,780 से अधिक सर्विस टचपॉइंट्स तक फैला हुआ है। इस पहल से ग्राहकों को बेहतर सर्विस अनुभव मिलेगा।

यह सहयोग मोबिलिटी और ऊर्जा क्षेत्र को एक साथ लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK यह सहयोग मोबिलिटी और ऊर्जा क्षेत्र को एक साथ लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसने देशभर में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के कई फ्यूल रिटेल आउटलेट्स पर कार सर्विस सुविधाएं स्थापित करने के लिए साझेदारी की है। कंपनी के बयान के मुताबिक, इन केंद्रों पर ग्राहकों को रूटीन मेंटेनेंस, छोटे-मोटे रिपेयर के साथ-साथ बड़ी सर्विसिंग की सुविधा भी मिलेगी। इससे कार की देखभाल और सर्विस पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुलभ हो जाएगी। मारुति सुजुकी ने बताया कि यह पहल उसके सर्विस नेटवर्क को और मजबूत करेगी, जो पहले ही भारत के 2,882 शहरों में 5,780 से अधिक सर्विस टचपॉइंट्स तक फैला हुआ है।

ग्राहकों को बेहतर सर्विस का होगा अनुभव

खबर के मुताबिक, मारुति सुजुकी इंडिया के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सर्विस) राम सुरेश अक्केला ने कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड जैसी देश की सबसे भरोसेमंद महारत्न कंपनियों में से एक के साथ साझेदारी कर हम उनके व्यापक नेटवर्क का लाभ उठाएंगे, ताकि अपनी आफ्टर-सेल्स सर्विस को उन स्थानों तक पहुंचाया जा सके, जहां हमारे ग्राहक अक्सर आते-जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह सहयोग मोबिलिटी और ऊर्जा क्षेत्र को एक साथ लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे ग्राहकों को बेहतर सर्विस अनुभव मिलेगा।

उपभोक्ताओं के और करीब आवश्यक सेवाएं पहुंच सकेंगी

इस पार्टनरशिप को लेकर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के डायरेक्टर (मार्केटिंग) सौमित्र पी. श्रीवास्तव ने कहा कि कंपनी पेट्रोल पंपों पर वैल्यू-एडेड सर्विसेज के जरिए ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देशभर में 41,000 से अधिक फ्यूल स्टेशनों के नेटवर्क के साथ, हम उपभोक्ताओं के और करीब आवश्यक सेवाएं पहुंचाने की अनूठी स्थिति में हैं। मारुति सुजुकी के साथ साझेदारी के जरिए हम अपनी ऊर्जा सेवाओं के साथ विश्वस्तरीय ऑटोमोटिव मेंटेनेंस को भी जोड़ रहे हैं।

मारुति सुजुकी की बिक्री

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 22.55 लाख इकाइयों का रिकॉर्ड वार्षिक उत्पादन दर्ज किया जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.3 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने कहा कि यह लगातार दूसरा वर्ष है जब कंपनी का वार्षिक उत्पादन 20 लाख इकाइयों के स्तर को पार कर गया है। कंपनी ने वर्ष 2024 में 20.63 लाख इकाइयों का उत्पादन किया था।

Latest Business News