1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. देशभर में 1 लाख से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन बनाएगी मारुति सुजुकी, अगले साल लॉन्च होगी e-Vitara

देशभर में 1 लाख से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन बनाएगी मारुति सुजुकी, अगले साल लॉन्च होगी e-Vitara

मारुति सुजुकी डीलरों और चार्जिंग पॉइंट ऑपरेटर्स के साथ मिलकर 2030 तक देशभर में करीब एक लाख चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बना रही है।

maruti suzuki e vitara, e vitara, e vitara range, e vitara price, e vitara price in india, e vitara - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK 1100 से ज्यादा शहरों में 2000 से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क तैयार

मारुति सुजुकी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार e-Vitara को अनवील किया। मारुति सुजुकी आने वाले दिनों में अपनी इस इलेक्ट्रिक कार को ऑफिशियली लॉन्च करेगी, जिसके बाद इसकी कीमतों का भी खुलासा हो जाएगा। मारुति सुजुकी ने मंगलवार को कहा कि वो अलग-अलग साइज में कई इलेक्ट्रिक मॉडल पेश करेगी और इस सेगमेंट में नेतृत्व हासिल करने के लिए पूरे देश में चार्जिंग इंफ्रा तैयार करेगी। कंपनी अगले साल अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

2030 तक 1 लाख से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी कंपनी

इसके साथ ही, मारुति सुजुकी डीलरों और चार्जिंग पॉइंट ऑपरेटर्स के साथ मिलकर 2030 तक देशभर में करीब एक लाख चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बना रही है। मारुति सुजुकी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हिशाशी ताकेउची ने कहा, ''हमारी मूल कंपनी सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के दृष्टिकोण के अनुरूप आने वाले सालों में हम अलग-अलग साइज और सेगमेंट में कई और इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करेंगे।'' उन्होंने कहा कि इसी दृष्टिकोण के तहत 2030 तक डीलरों और चार्जिंग पॉइंट ऑपरेटरों के साथ मिलकर एक लाख से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क स्थापित करने का लक्ष्य है।

1100 से ज्यादा शहरों में 2000 से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क तैयार

ताकेउची ने कहा, ''हम देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में अग्रणी बनेंगे और बाजार नेतृत्वकर्ता के रूप में हम ग्राहकों के लिए ईवी अपनाने को आसान बनाएंगे।'' कंपनी चार्जिंग नेटवर्क की स्थापना के साथ 2026 में ई-विटारा की बिक्री शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में कदम रखते समय कंपनी उत्पाद और परिवेश, दोनों लिहाज से पूरी तैयारी के साथ उतरेगी। ताकेउची ने कहा कि कंपनी ने 1100 से ज्यादा शहरों में अपने बिक्री और सर्विस सेंटर पर 2000 से ज्यादा मारुति सुजुकी एक्सक्लूसिव चार्जिंग स्टेशन का नेटवर्क तैयार कर लिया है।

कंपनी ने किया 250 करोड़ रुपये का निवेश

मारुति सुजुकी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ ने कहा, ''डीलर नेटवर्क में चार्जिंग इंफ्रा और ऐप तैयार करने के लिए हमने करीब 250 करोड़ रुपये का निवेश किया है।'' बताते चलें कि मारुति की ई-विटारा इलेक्ट्रिक कार एक बार फुल चार्ज होने पर 543 किमी की रेंज देगी। मारुति सुजुकी ई-विटारा के साथ BaaS (Battery-as-a-Service) सब्सक्रिप्शन देगी, जिससे वे एक फ्लेक्सिबल प्लान के जरिए बैटरी पैक एक्सेस कर सकेंगे।

Latest Business News