1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. मारुति सुजुकी लॉन्च करेगी 4 नई इलेक्ट्रिक कार, पश्चिम एशिया संकट की वजह से महंगी होंगी कारें

मारुति सुजुकी लॉन्च करेगी 4 नई इलेक्ट्रिक कार, पश्चिम एशिया संकट की वजह से महंगी होंगी कारें

पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कंपनी को गाड़ियों के दाम बढ़ाने होंगे।

Maruti Suzuki, Maruti Suzuki electric cars, upcoming electric cars, maruti suzuki upcoming electric - India TV Hindi
Image Source : MARUTI SUZUKI बैटरी बेस्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी लीडर बनना चाहती है कंपनी

देश की प्रमुख कार मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी मारुति सुजुकी भारत में 4 नए इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की प्लानिंग कर रही है। कंपनी के एक सीनियर अधिकारी ने शनिवार को ये जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि कंपनी साल 2031 तक 4 नए इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करेगी। कंपनी ने इलेक्ट्रिक व्हीकल इंडस्ट्री में एक अहम उपलब्धि हासिल करते हुए आयोजित एक कार्यक्रम में एक ही दिन में ई-विटारा की 108 यूनिट्स ग्राहकों को सौंपी। मारुति सुजुकी के सीनियर अधिकारी (मार्केटिंग और सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा कि ये ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है, क्योंकि कंपनी क्लीन ट्रांसपोर्टेशन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

बैटरी बेस्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी लीडर बनना चाहती है कंपनी

पार्थो बनर्जी ने ये भी कहा कि 2031 तक कंपनी बैटरी बेस्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी लीडर बनने का लक्ष्य रखती है। पार्थो ने कहा, "हमने अपने मिडटर्म प्लान में घोषणा की है कि 2031 तक, हमारे पोर्टफोलियो में चार और इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल हो जाएंगी और जाहिर है, हमें सभी सेक्टरों में काम करना होगा। इसलिए, सब कुछ पाइपलाइन में है।" उन्होंने आगे कहा कि 2031 तक, मारुति का लक्ष्य BEV (बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल) सेक्टर में भी नंबर एक बनना है और कंपनी बाजार की मांग के अनुसार ही इस दिशा में आगे बढ़ेगी।

पश्चिम एशिया संकट की वजह से महंगी होंगी कारें

पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कंपनी को गाड़ियों के दाम बढ़ाने होंगे। हालांकि, बढ़ोतरी की लिमिट जल्द घोषित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने करीब 4.50 लाख गाड़ियों का एक्सपोर्ट किया। जबकि, पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव का अभी आकलन किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, अब तक ई-विटारा की 25,000 से ज्यादा यूनिट्स का 44 देशों में एक्सपोर्ट किया जा चुका है और इसे 100 से ज्यादा देशों में भेजने की योजना है। 

Latest Business News