A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. गुजरात में 4960 करोड़ रुपये की जमीन खरीदेगी मारुति, बोर्ड से मिली मंजूरी- जानें डिटेल्स

गुजरात में 4960 करोड़ रुपये की जमीन खरीदेगी मारुति, बोर्ड से मिली मंजूरी- जानें डिटेल्स

कुल निवेश के संबंध में कंपनी ने कहा कि क्षमता स्थापना के चरणों को निर्धारित करते समय इसे अंतिम रूप दिया जाएगा और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा मंजूर किया जाएगा।

maruti suzuki, maruti suzuki india, maruti suzuki manufacturing plants, maruti suzuki manufacturing - India TV Hindi
Image Source : PTI भारत में मारुति सुजुकी के हैं फिलहाल 4 मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट

दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने गुजरात में जमीन खरीदने और अपनी मैन्यूफैक्चरिंग क्षमता को बढ़ाने के लिए 4960 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि कंपनी के बोर्ड ने सोमवार को हुई अपनी मीटिंग में गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन से खोराज इंडस्ट्रियल एस्टेट में उत्पादन क्षमता के विस्तार के लिए जमीन खरीदने को मंजूरी दे दी है और ‘‘प्रस्तावित क्षमता बढ़ोतरी 10 लाख यूनिट तक है।’’ 

भारत में मारुति सुजुकी के हैं फिलहाल 4 मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट

कुल निवेश के संबंध में कंपनी ने कहा कि क्षमता स्थापना के चरणों को निर्धारित करते समय इसे अंतिम रूप दिया जाएगा और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा मंजूर किया जाएगा। इसमें कहा गया है, ‘‘बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा मंजूर जमीन खरीद, विकास और तैयारी से जुड़ी गतिविधियों की लागत 4960 करोड़ रुपये है।’’ मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि आंतरिक आय और बाहरी उधार से इसका वित्तपोषण किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि गुरुग्राम, मानेसर, खरखौदा (सभी हरियाणा में) और हंसलपुर (गुजरात में) में इसकी कुल मौजूदा सालाना उत्पादन क्षमता लगभग 24 लाख यूनिट है जबकि कुल उत्पादन क्षमता 26 लाख यूनिट प्रति वर्ष है। 

गुजरात में दूसरी मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट में तैयार होंगी सालाना 10 लाख गाड़ियां

इनमें सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड की उत्पादन इकाइयां भी शामिल हैं, जिसका कंपनी में विलय हो चुका है। कंपनी सूचना के अनुसार मौजूदा क्षमता का पूरी तरह से उपयोग किया जा रहा है। सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने 2024 में घोषणा की थी कि कंपनी की भारतीय यूनिट मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) गुजरात में अपनी दूसरी मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट करने के लिए 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख यूनिट होगी। बताते चलें कि भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में मारुति सुजुकी की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है।

Latest Business News