अगर आप मर्सिडीज खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आने वाला साल आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। लग्जरी कार निर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने संकेत दिया है कि वह अगले कैलेंडर वर्ष यानी 2026 में हर तिमाही अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ संतोष अय्यर ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव कंपनी पर भारी दबाव डाल रहा है।
कंपनी का कहना है कि करीब 18 महीने पहले 1 यूरो की कीमत ₹89 के आसपास थी, जो अब बढ़कर ₹104–105 तक पहुंच गई है। यह रुपये में लगभग 15-18% की बड़ी गिरावट है। फिलहाल रुपये की गिरावट और कारों की कीमतों के बीच 10-15% का अंतर है, जिसे पाटने के लिए कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है।
चरणबद्ध तरीके से लागू होगी बढ़ोतरी
संतोष अय्यर के अनुसार, कंपनी ग्राहकों पर एक साथ बड़ा बोझ नहीं डालना चाहती ताकि मांग प्रभावित न हो। इसलिए कंपनी पहले ही 1 जनवरी 2026 से कीमतों में 2% तक की बढ़ोतरी का ऐलान कर चुकी है। इसके बाद हर तीन महीने पर कीमतों की समीक्षा की जाएगी। अनुमान है कि प्रत्येक तिमाही में कीमतों में लगभग 2% का इजाफा देखा जा सकता है।
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के एमडी और सीईओ संतोष अय्यर ने कहा कि अगर हम एक साथ पूरी बढ़ोतरी कर दें, तो बाजार की मांग पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इसीलिए हम इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने पर विचार कर रहे हैं।
बाजार पर असर
मर्सिडीज-बेंज का यह कदम अन्य लग्जरी कार निर्माताओं को भी कीमतें बढ़ाने के लिए प्रेरित कर सकता है, क्योंकि विदेशी मुद्रा दरों का असर पूरी इंडस्ट्री पर पड़ रहा है। इसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है कि बाकी लग्जरी कार कंपनियां भी कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर सकते हैं।
Latest Business News