A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. भारतीयों में तेजी से बढ़ रहा SUV का क्रेज, नवरात्रि में 60 प्रतिशत बढ़ी गाड़ियों की बिक्री

भारतीयों में तेजी से बढ़ रहा SUV का क्रेज, नवरात्रि में 60 प्रतिशत बढ़ी गाड़ियों की बिक्री

महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहन खंड के सीईओ नलिनीकांत गोलागुंटा ने सोमवार को कहा कि ग्रामीण बाजार में भी अच्छी बिक्री देखी जा रही है।

mahindra, mahindra and mahindra, mahindra thar, mahindra scorpio, mahindra scorpio n, mahindra boler- India TV Hindi
Image Source : MAHINDRA AND MAHINDRA पिछले साल की तुलना में इस साल हुई जबरदस्त बिक्री

देश में एसयूवी का क्रेज लगातार तेजी से बढ़ रहा है। अब लोग हैचबैक और सिडान की तुलना में एसयूवी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। खास बात ये है कि एसयूवी की बिक्री अब सिर्फ बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से बढ़ रही है। भारत की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बताया कि इस साल शारदीय नवरात्रि के दौरान उनकी एसयूवी की खुदरा बिक्री में 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जीएसटी में कटौती के बाद गाड़ियों के दाम कम होने से एसयूवी की बिक्री में ये तेजी देखी गई है। बताते चलें कि केंद्र सरकार ने अभी हाल ही में गाड़ियों पर लगने वाले जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।

पिछले साल की तुलना में इस साल हुई जबरदस्त बिक्री

महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहन खंड के सीईओ नलिनीकांत गोलागुंटा ने सोमवार को पीटीआई से कहा कि ग्रामीण बाजार में भी अच्छी बिक्री देखी जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘नवरात्रि के पहले 9 दिनों में डीलरों ने ग्राहकों को एसयूवी की खुदरा बिक्री लगभग 60 प्रतिशत बढ़ने की सूचना दी है। ये पिछले साल की नवरात्रि की तुलना में जबरदस्त बढ़ोतरी है।’’ उन्होंने कहा कि खुदरा बिक्री के वास्तविक आंकड़े व्हीकल रजिस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म ‘वाहन’ के आंकड़ों से ही सामने आएंगे। 

महिंद्रा ने पेश किया बोलेरो का नया मॉडल

नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा कि 60 प्रतिशत की बिक्री बढ़ोतरी के पीछे कुछ वजह लंबित मांग भी है क्योंकि बहुत से ग्राहक नई जीएसटी दरों के लागू होने का इंतजार कर रहे थे। महिंद्रा ने अपने लोकप्रिय मॉडल बोलेरो का नया मॉडल पेश किया है। इस बारे में गोलागुंटा ने कहा कि कंपनी ने ग्राहकों से मिले सुझावों के आधार पर बोलेरो को नई तकनीकी खूबियों और मनोरंजन सुविधाओं से लैस किया है। उन्होंने कहा कि कंपनी की बोलेरो रेंज की कुल उत्पादन क्षमता 9,000 यूनिट प्रति माह है, जो सालाना लगभग 1,08,000 यूनिट होती है। महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल एसयूवी बिक्री में इसका सालाना लगभग 20 प्रतिशत का योगदान है। 

Latest Business News