A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. टाटा पावर ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इंस्टॉल किए अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग स्टेशन, जानें कहां-कहां मिलेंगे चार्जिंग पॉइंट्स

टाटा पावर ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इंस्टॉल किए अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग स्टेशन, जानें कहां-कहां मिलेंगे चार्जिंग पॉइंट्स

टाटा पावर के नेटवर्क में अब 690 से ज्यादा शहरों और कस्बों में 2 लाख से ज्यादा होम चार्जर, 6700 से ज्यादा पब्लिक, सेमी-पब्लिक और फ्लीट चार्जिंग पॉइंट, और 1200 से ज्यादा e-Bus चार्जिंग पॉइंट शामिल हैं।

Tata Power, Tata Power EV Charging Solutions Limited, TPEVCSL, delhi-mumbai expressway, Ultra-fast C- India TV Hindi
Image Source : TATA POWER टाटा पावर चार्जिंग स्टेशन (सांकेतिक तस्वीर)

टाटा पावर की यूनिट टाटा पावर ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सहयोग से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अल्ट्रा-फास्ट ईवी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया है। कंपनी ने बुधवार को जारी किए गए एक बयान में कहा कि इस सहयोग के तहत टाटा पावर ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (TPEVCSL) ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के हरियाणा सेक्शन पर 63वें और 69वें 'माइलस्टोन' पर अल्ट्रा-फास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशन इंस्टॉल किए हैं। टाटा पावर द्वारा इंस्टॉल किए गए इन नए ईवी चार्जिंग स्टेशन से इलेक्ट्रिक गाड़ियां चलाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें अपनी गाड़ी चार्ज करने की ज्यादा टेंशन नहीं लेनी होगी।

कहां-कहां इंस्टॉल किए गए हैं नए चार्जिंग स्टेशन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अपने विस्तार के तहत टाटा पावर ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड ने दिल्ली से यात्रा करने वाली गाड़ियों के लिए 63वें 'माइलस्टोन' पर 4 चार्जिंग गन के साथ 240 किलोवॉट का अल्ट्रा-फास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशन इंस्टॉल किया है। इसके अलावा, कंपनी ने 69वें 'माइलस्टोन' पर एक और ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया है ताकि दोनों दिशाओं से आने-जाने वाली इलेक्ट्रिक गाड़ियों को चार्जिंग की सुविधा मिल सके। ये सभी चार्जिंग स्टेशन प्राइवेट और कमर्शियल दोनों तरह की इलेक्ट्रिक गाड़ियों को चार्ज कर सकेंगे। 

690 से ज्यादा शहरों और कस्बों में पहुंची टाटा पावर की सर्विस

टाटा पावर ने अपने ईवी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार 'EZ CHARGE' ब्रांड नाम के तहत किया है। टाटा पावर के नेटवर्क में अब 690 से ज्यादा शहरों और कस्बों में 2 लाख से ज्यादा होम चार्जर, 6700 से ज्यादा पब्लिक, सेमी-पब्लिक और फ्लीट चार्जिंग पॉइंट, और 1200 से ज्यादा e-Bus चार्जिंग पॉइंट शामिल हैं। कुल मिलाकर, Tata Power EZ Charge के 5 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड ग्राहक हैं। इन चार्जर को रणनीतिक रूप से अलग-अलग और आसानी से पहुंचने वाली जगहों पर लगाया गया है। टाटा पावर ने हाईवे, होटल, मॉल, अस्पताल, ऑफिस, हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, बस और कमर्शियल गाड़ियों के डिपो पर ये चार्जिंग पॉइंट्स इंस्टॉल किए हैं।

Latest Business News