1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. नई टाटा पंच और ट्रक के बीच कराई गई जोरदार टक्कर, जानें सुरक्षा के मामले कितने स्टार लाई गाड़ी

नई टाटा पंच और ट्रक के बीच कराई गई जोरदार टक्कर, जानें सुरक्षा के मामले कितने स्टार लाई गाड़ी

क्रैश टेस्ट के लिए टाटा की नई पंच की टक्कर किसी साधारण गाड़ी के साथ नहीं बल्कि एक भारी-भरकम ट्रक के साथ कराई गई।

tata punch, new tata punch, tata punch price, tata punch safety features, tata punch safety ratings,- India TV Hindi
Image Source : TATA MOTORS CARS भारी-भरकम ट्रक से कराई गई पंच की टक्कर

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने मंगलवार को अपनी लोकप्रिय कार टाटा पंच का नया अपडेटेड मॉडल लॉन्च कर दिया। 2026 का ये नया मॉडल अपने नए डिजाइन और लुक की वजह से चर्चा का केंद्र बन गया है। टाटा पंच के नए 2026 मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.59 लाख रुपये से शुरू होगा और इसके टॉप मॉडल की कीमत 9.79 लाख रुपये होगी। सीएनजी इंजन वाले टाटा पंच के बेस मॉडल की कीमत 6.69 लाख रुपये और टॉप मॉडल की कीमत 10.54 लाख रुपये तय की गई है। अपनी बेजोड़ सुरक्षा और जबरदस्त इंटीरियर और फीचर्स की वजह से आम लोगों के दिलों पर राज कर रही टाटा की बाकी गाड़ियों की तरह, नई पंच ने भी सुरक्षा के मामले में निराश नहीं किया।

भारी-भरकम ट्रक से कराई गई पंच की टक्कर

क्रैश टेस्ट के लिए टाटा की नई पंच की टक्कर किसी साधारण गाड़ी के साथ नहीं बल्कि एक भारी-भरकम ट्रक के साथ कराई गई। पंच और ट्रक की टक्कर से पहले किसी ने इस बारे में नहीं सोचा होगा कि इस क्रैश टेस्ट के नतीजे क्या होंगे। ट्रक से जोरदार टक्कर के बाद टाटा पंच के सिर्फ बोनट वाले हिस्से को ही नुकसान पहुंचा और वहीं तक सीमित रहा, जबकि बोनट से पीछे का पूरा हिस्सा पूरी तरह से सुरक्षित रहा। टेस्ट के मुताबिक, इस भीषण टक्कर के बाद गाड़ी में यात्रियों के रूप में बैठाए गए डमी भी पूरी तरह से सुरक्षित थे।

सिर्फ बड़ों को ही नहीं, बच्चों को भी मिलेगी 5 स्टार सेफ्टी

टाटा पंच अपने इस क्रैश टेस्ट में पूरी तरह से कामयाब रही और अपने यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी पूरी तरह से तैयार दिखी। भारत एनसीएपी द्वारा कराए गए इस क्रैश टेस्ट में टाटा की नई पंच को व्यस्क और बच्चे दोनों की सुरक्षा में पूरे 5 स्टार मिले हैं। इसका मतलब, टाटा की ये नई गाड़ी व्यस्कों के साथ-साथ बच्चों को भी 5 स्टार वाली सुरक्षा प्रदान करेगी।

पंच में सेफ्टी का रखा गया है खास ध्यान

सेफ्टी के मामले में टाटा पंच पहले से ही काफी ताकतवर मानी जाती है और फेसलिफ्ट मॉडल में इसे और बेहतर बनाया गया है। अब सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग मिलेंगे, जिससे इसकी 5-स्टार रेटिंग और मजबूत होती है। इसके साथ ही टॉप वेरिएंट्स में 360-डिग्री HD कैमरा, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी दिया गया है।

Latest Business News