अमेरिका की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला मंगलवार को आधिकारिक तौर पर भारत में एंट्री करने जा रही है। इसके तहत कंपनी भारत में अपना पहला शोरूम, मुबंई में खोलने जा रही है। यह शोरूम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में खुल रहा है। ANI की खबर के मुताबिक, इससे पहले, टेस्ला ने बीते शुक्रवार को अपने भारत-केंद्रित एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) हैंडल के जरिए एक टीजर पोस्ट किया था जिस पर लिखा था- जल्द आ रहा है..., साथ ही एक ग्राफ़िक भी था जो दर्शाता था कि टेस्ला की भारत में उपस्थिति इसी महीने, जुलाई 2025 से शुरू होगी।
फिलहाल सिर्फ शोरूम खोलने में रुचि
खबर के मुताबिक, हालांकि, टेस्ला की भारत के लिए योजनाओं को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं, केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने जून में स्पष्ट किया था कि टेस्ला की फिलहाल भारत में कार बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। कुमारस्वामी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि वे भारत में अपनी कार बेचना चाहते हैं। टेस्ला के बारे में आगे कोई प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि टेस्ला फिलहाल भारत में सिर्फ शोरूम खोलने में रुचि रखती है।
भारत में अपनी भर्ती प्रक्रिया शुरू की
पहले बताया गया था कि टेस्ला मैनुफैक्चरिंग यूनिट सेट अप करने के बजाय, देश में अपने वाहनों का आयात करके उन्हें अपने शोरूम के माध्यम से बेचने की इच्छुक है। हालांकि, कंपनी ने भारत के लिए अपनी विस्तृत परिचालन रणनीति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है। इस साल की शुरुआत में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, टेस्ला ने भारत में अपनी भर्ती प्रक्रिया शुरू की, जिससे संकेत मिलता है कि कंपनी की घरेलू बाजार में प्रवेश की तैयारी तेज हो रही है।
हाई इम्पोर्ट ड्यूटी एक बड़ी बाधा
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने पहले भारत में निवेश करने में रुचि व्यक्त की थी, लेकिन उन्होंने यह भी बताया था कि हाई इम्पोर्ट ड्यूटी एक बड़ी बाधा है। वैसे, हाल ही में घोषित भारत की नई ईवी नीति ने विदेशी ईवी कंपनियों को आकर्षित करने के लिए कम आयात शुल्क और अतिरिक्त प्रोत्साहन की पेशकश की, जिससे टेस्ला की एंट्री का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। बीते अप्रैल में, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने एलन मस्क के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में सहयोग के अवसरों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने फरवरी में अपनी संयुक्त राज्य अमेरिका यात्रा के दौरान मस्क से भी मुलाकात की थी।
Latest Business News