मारुति सुजुकी की पैरेंट कंपनी सुजुकी मोटर 30 अक्टूबर से शुरू हो रहे 'जापान मॉबिलिटी शो 2025' में अपनी पहली CBG (कंप्रेस्ड बायो गैस) से चलने वाली कार शोकेस करेगी। जापान में आयोजित होने वाले इस मॉबिलिटी शो में मारुति सुजुकी विक्टोरिस का CBG वैरिएंट पेश किया जाएगा। बताते चलें कि मारुति सुजुकी ने अभी हाल में भारत में अपना नया मॉडल विक्टोरिस लॉन्च किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुजुकी साल 2022 से ही CBG से चलने वाली गाड़ियों के प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। कंपनी का फोकस, CBG के जरिए भारत में सस्ते और रीन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देना है।
अंडरबॉडी डुअल-सिलेंडर टैंक के साथ आएगा CBG वैरिएंट
जापान मॉबिलिटी शो 2025 में शोकेस की जाने वाली विक्टोरिस CBG में भी अंडरबॉडी डुअल-सिलेंडर टैंक होगा, जैसे अभी सीएनजी वैरिएंट के साथ आता है। अंडरबॉडी टैंक होने से गाड़ी के बूटस्पेस के साथ कोई समझौता नहीं करना होता। हालांकि, विक्टोरिस CBG भारत में कब आएगी, किस कीमत पर आएगी, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन, इतना तो तय है कि अनिवार्य टेस्टिंग के बाद इसकी जल्द ही भारत में एंट्री हो सकती है।
कैसे बनता है कंप्रेस्ड बायो गैस
कंप्रेस्ड बायोगैस और सीएनजी दोनों का ही केमिकल कॉम्पोजीशन सेम है, क्योंकि दोनों ही कंप्रेस्ड मीथेन हैं। हालांकि, इन दोनों फ्यूल के सोर्स अलग-अलग हैं। सीएनजी फॉसिल फ्यूल के भंडारों से प्राप्त होती है, जबकि सीबीजी कृषि अवशेषों, मवेशियों के गोबर और नगरपालिका के कचरे जैसे जैविक अपशिष्टों के अवायवीय पाचन से उत्पन्न होती है। ये सीबीजी को एक रीन्यूएबल फ्यूल बनाता है जो एक बंद कार्बन चक्र में काम करता है, जहां कार्बन का लगातार कई बार इस्तेमाल होता रहता है।
भारत में फिलहाल एक भी सीबीजी गाड़ी नहीं
भारत में कृषि और डेयरी अपशिष्टों की भारी मात्रा को देखते हुए यहां सीबीजी एक बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावशाली फ्यूल हो सकता है। लेकिन, वर्तमान में भारत में कोई भी गाड़ी सीबीजी पावरट्रेन के साथ उपलब्ध नहीं है। ऑटोकार इंडिया के मुताबिक, मारुति सुजुकी ने रीन्यूएबल एनर्जी एनिशिएटिव में 450 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिसमें एक बायोगैस प्लांट भी शामिल है, जो 2024 में मानेसर प्लांट में शुरू हुआ था।
मारुति सुजुकी ने इस साल सितंबर में अपने नए मॉडल विक्टोरिस को लॉन्च किया था। इस मॉडल को 21 अलग-अलग वैरिएंट्स में लॉन्च किया गया था। मारुति सुजुकी विक्टोरिस 3 अलग-अलग पावरट्रेन- पेट्रोल, सीएनजी और हाइब्रिड में पेश किया गया था।
Latest Business News