A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Car Price Hike : नये साल से क्यों महंगी हो रही हैं कारें? ये कंपनियां बढ़ाने वाली हैं कीमतें

Car Price Hike : नये साल से क्यों महंगी हो रही हैं कारें? ये कंपनियां बढ़ाने वाली हैं कीमतें

Car Price Hike : हुंदै मोटर इंडिया भी एक जनवरी, 2025 से अपने मॉडल रेंज की कीमतों में 25,000 रुपये तक की वृद्धि करने पर विचार कर रही है। महिंद्रा एंड महिंद्रा जनवरी से अपने एसयूवी और वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी।

कार प्राइस हाइक- India TV Hindi
Image Source : FILE कार प्राइस हाइक

विभिन्न कार मॉडलों की कीमतें बढ़ने वाली हैं, क्योंकि व्हीकल मैन्यूफैक्चरर्स ने जनवरी से कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कार मैन्यूफैक्चरर्स अगले महीने से कीमतों में बढ़ोतरी लागू करने का मुख्य कारण इनपुट लागत और परिचालन व्यय में वृद्धि बताते हैं। हालांकि, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह कवायद हर साल दिसंबर में व्हीकल मैन्यूफैक्चरर्स द्वारा वर्ष के अंतिम महीने में बिक्री की मात्रा बढ़ाने के लिए की जाती है, क्योंकि ग्राहक नए साल में वाहन खरीदने के लिए बाद के महीनों तक खरीदारी को टाल देते हैं।

कब बढ़ती हैं कीमतें

परामर्श कंपनी डेलॉयट इंडिया के साझेदार रजत महाजन ने कहा, “हमने भारत में कीमतों में बढ़ोतरी के कुछ सायकल देखे हैं। यह कैलेंडर वर्ष और वित्त वर्ष की शुरुआत में होता है, लेकिन कुछ OEM अपने नियोजित लॉन्च के आधार पर भी समय चुनते हैं।” रेटिंग एजेंसी इक्रा के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रमुख (कॉरपोरेट रेटिंग) रोहन कंवर गुप्ता ने कहा कि व्हीकल मैन्यूफैक्चरर्स कंपनियां आमतौर पर कैलेंडर वर्ष की शुरुआत में कीमतों में वृद्धि करती हैं, ताकि महंगाई के दबाव और कमोडिटी की कीमतों आदि के कारण परिचालन लागत में वृद्धि जैसे कारकों की भरपाई की जा सके। उन्होंने कहा, “हाल ही में विभिन्न कार मैन्यूफैक्चरर्स द्वारा घोषित मूल्य वृद्धि इसी कारण से है। ध्यान दिया जाना चाहिए कि यात्री वाहन उद्योग में विभिन्न मॉडलों पर पहले से ही भारी छूट की पेशकश की जा रही है, इंडस्ट्री का ध्यान स्टॉक लेवल को कम करने पर है।”

ये कंपनियां बढ़ा रही हैं दाम

एंट्री लेवल की ऑल्टो के10 से लेकर इनविक्टो तक के मॉडल बेचने वाली कंपनी ने कहा कि वह बढ़ती इनपुट लागत और परिचालन व्यय के मद्देनजर कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है। हुंदै मोटर इंडिया भी एक जनवरी, 2025 से अपने मॉडल रेंज की कीमतों में 25,000 रुपये तक की वृद्धि करने पर विचार कर रही है। महिंद्रा एंड महिंद्रा जनवरी से अपने एसयूवी और वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने कहा कि यह समायोजन महंगाई और वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतों के कारण बढ़ती लागत को देखते हुए किया गया है। इसी प्रकार, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने कहा कि वह अगले महीने से अपने संपूर्ण मॉडल रेंज की कीमतों में तीन फीसदी तक की वृद्धि करेगी। कंपनी ने कहा कि कीमतों में यह बढ़ोतरी लगातार बढ़ती इनपुट लागत और अन्य बाहरी कारकों का नतीजा है।

होंडा भी बढ़ा सकती है कीमत

होंडा कार्स इंडिया भी कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रही है, लेकिन अभी तक इस पर फैसला नहीं हुआ है कि कितनी बढ़ोतरी की जाएगी। लक्जरी कार बाजार की अग्रणी कंपनी मर्सिडीज-बेंज इंडिया जनवरी से कीमतों में तीन प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। इनपुट और परिवहन लागत में वृद्धि के कारण ऑडी इंडिया अपने सभी मॉडल रेंज की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की वृद्धि करेगी। इसी तरह, बीएमडब्ल्यू इंडिया अगले साल जनवरी से अपने मॉडल रेंज की कीमतों में तीन प्रतिशत तक की वृद्धि करने की योजना बना रही है।

(पीटीआई/भाषा के इनपुट के साथ)

Latest Business News