1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. Two-Wheelers Sales: मार्च में हीरो ने बेचे 5,98,198 टू-व्हीलर्स- जानें होंडा, टीवीएस और सुजुकी की कैसी रही बिक्री

Two-Wheelers Sales: मार्च में हीरो ने बेचे 5,98,198 टू-व्हीलर्स- जानें होंडा, टीवीएस और सुजुकी की कैसी रही बिक्री

टू-व्हीलर के अलावा थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी बिजनेस करने वाली कंपनी टीवीएस मोटर की मार्च में कुल बिक्री 25 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी के साथ 5,19,358 यूनिट रही।

Two-Wheelers Sales, Two-Wheelers Sales in march, Two-Wheelers Sales in march 2026, Two-Wheelers Sale- India TV Hindi
Image Source : AFP मार्च में हीरो मोटोकॉर्प ने बेचे 5,98,198 टू-व्हीलर्स

Two-Wheelers Sales in March 2026: मार्च, 2026 में देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की कुल बिक्री 8.84 प्रतिशत बढ़कर 5,98,198 यूनिट हो गई। कंपनी ने पिछले साल मार्च में 5,49,604 गाड़ियां बेची थीं। हीरो मोटोकॉर्प ने बुधवार को कहा कि सरकारी वाहन पंजीकरण प्लेटफॉर्म 'वाहन' के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में उसकी खुदरा दोपहिया बिक्री 5,42,436 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 24 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्शाता है। कंपनी ने कहा कि इस मांग में 100-125CC सेगमेंट की अहम भूमिका रही। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी मांग तेज रहने से कंपनी की बिक्री को समर्थन मिला।

मार्च में होंडा ने भारत में बेचे 5,12,303 टू-व्हीलर्स

वहीं, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने मार्च 2026 में कुल 5,49,145 गाड़ियों की बिक्री की, जो पिछले साल मार्च के 4,27,448 यूनिट्स की तुलना में 29 प्रतिशत ज्यादा है। होंडा ने बताया कि मार्च में उसने 5,12,303 टू-व्हीलर्स की घरेलू बिक्री की, जबकि इस दौरान 36,842 यूनिट्स का निर्यात हुआ। इसके अलावा, सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने भी मार्च महीने में कुल 1,31,491 यूनिट्स की बिक्री की, जो पिछले साल मार्च के 1,18,491 यूनिट से 11 प्रतिशत ज्यादा है। इस दौरान कंपनी की घरेलू खुदरा बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 1,08,661 यूनिट हो गई, जबकि इसने 22,830 यूनिट्स का निर्यात भी किया।

टीवीएस की बिक्री में जबरदस्त उछाल

टू-व्हीलर के अलावा थ्री-व्हीलर सेगमेंट में भी बिजनेस करने वाली कंपनी टीवीएस मोटर की मार्च में कुल बिक्री 25 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी के साथ 5,19,358 यूनिट रही। टीवीएस ने पिछले साल मार्च में 4,14,687 गाड़ियां बेची थीं। मार्च, 2026 में टीवीएस मोटर की घरेलू दोपहिया बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 3,72,383 यूनिट हो गई। इसके अलावा कंपनी ने 1,41,443 यूनिट्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बिक्री की, जो सालाना आधार पर 25 प्रतिशत ज्यादा है। इस दौरान कंपनी की थ्री-व्हीलरों की बिक्री 46 प्रतिशत बढ़कर 21,224 यूनिट हो गई, जो पिछले साल मार्च में 14,567 यूनिट थी। 

Latest Business News