इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी विनफास्ट ने बुधवार को कहा कि वो भारत में अलग-अलग वर्ग के ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई गाड़ियां लॉन्च करेगी। कंपनी, भारत में अपनी मौजूदगी को मजबूत बनाने पर जोर दे रही है। वियतनाम की ईवी कंपनी ने भारतीय बाजार में अपना नई प्रीमियम 7 सीटर इलेक्ट्रिक मल्टी-परपज व्हीकल विनफास्ट वीएफ एमपीवी-7 को 24.49 लाख रुपये के शोरूम प्राइस पर लॉन्च किया। विनफास्ट इंडिया के सीईओ तपन घोष ने इस मौके पर कहा कि विनफास्ट वीएफ एमपीवी-7 के जरिए कंपनी एक नए सेगमेंट में कदम रख रही है और भारत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत कर रही है।
एक बार फुल चार्ज होने पर 517 किमी की रेंज देगी वीएफ एमपीवी-7
तपन घोष ने कहा कि विनफास्ट वीएफ एमपीवी-7 को भारतीय उपभोक्ताओं की फैमिली और ग्रुप ट्रैवल की जरूरतों को ध्यान में रखकर डेवलप किया गया है। इसमें 150 किलोवाट क्षमता की मोटर लगी है और ये एक बार चार्ज करने पर 517 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। कंपनी के मुताबिक, वो देशभर में अपने रिटेल सेल्स और सर्विस नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही हैं और 2026 के आखिर तक 75 शोरूम तक पहुंचने का लक्ष्य है। फिलहाल कंपनी के कुल 50 आउटलेट और सर्विस सेंटर हैं। विनफास्ट अब महानगरों से आगे बढ़ते हुए छोटे शहरों और कस्बों में भी अपनी उपस्थिति बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। कंपनी की गाड़ियां तमिलनाडु के थूथुकुडी स्थित प्लांट में स्थानीय स्तर पर असेंबल किए जा रहे हैं।
फिलहाल भारत में 3 मॉडल बेच रही है वियतनाम की ईवी कंपनी
वियतनाम की ये ईवी कंपनी विनफास्ट फिलहाल भारत में अपने 3 मॉडल बेच रही है। इनमें विनफास्ट वीएफ 6, वीएफ 7 और नई-नवेली वीएफ एमपीवी-7 शामिल है। carwale.com से मिली जानकारी के मुताबिक, विनफास्ट इस साल भारत में 4 नए मॉडल लॉन्च कर सकती है और इनमें से कुछ मॉडलों की कीमत 10 लाख रुपये से कम भी हो सकती है।
Latest Business News