Google ने Fitbit का 2.1 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया पूरा, विज्ञापन बेचने में नहीं होगा इसका इस्तेमाल
Google ने Fitbit का 2.1 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया पूरा, विज्ञापन बेचने में नहीं होगा इसका इस्तेमाल
India TV Paisa Desk
Published : Jan 15, 2021 01:42 pm IST, Updated : Jan 15, 2021 01:42 pm IST
Google ने यह स्पष्ट किया है कि वह फिटबिट के यूजर्स की निजता का बचाव करेगी।
Image Source : FILE PHOTOGoogle announces its acquisition of Fitbit has been completed
नई दिल्ली। इंटरनेट व प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल (Google) ने फिटनेस उपकरण बनाने वाली कंपनी फिटबिट (Fitbit) का 2.1 अरब डॉलर का अधिग्रहण गुरुवार को पूरा कर लिया। गूगल ने 14 महीने पहले इस सौदे की घोषणा की थी। गूगल को इस सौदे से और मजबूत होने में मदद मिलेगी।
गूगल और फिटबिट का यह सौदा ऐसे समय पूरा हुआ है, जब अमेरिका के प्रतिस्पर्धारोधी नियामक गूगल के पर कतरने के उपायों पर काम कर रहे हैं। गूगल अधिकांश आय विज्ञापनों के जरिये कमाती है। कंपनी अपने अरबों यूजर्स की दिलचस्पी व उनकी स्थिति आदि जैसी जानकारियों का इस्तेमाल कर विज्ञापन बेचती है।
निजता व गोपनीयता का संरक्षण करने वाले नियामकों को भय है कि गूगल लोगों के जीवन में और गहरे तक घुसपैठ करने के लिए फिटबिट का इस्तेमाल कर सकती है। हालांकि गूगल ने दावा किया है कि वह फिटबिट के 2.9 करोड़ यूजर्स के फिटनेस संबंधी डेटा का इस्तेमाल विज्ञापन बेचने में नहीं करेगी।
गूगल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उपकरण एवं सेवाएं) रिक ओस्टरलो ने गुरुवार को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि यह सौदा डेटा के लिए नहीं बल्कि डिवाइस के लिए है। हम इस बात पर शुरुआत से ही स्पष्ट रहे हैं कि हम फिटबिट के यूजर्स की निजता का बचाव करेंगे। गूगल ने कहा है कि वह फिटबिट की टीम के कौशल का उपयोग अपने वियरेबल डिवाइसेस के विकास में करेगी। गूगल ने उम्मीद जताई है कि फिटबिट की टीम उसके स्मार्ट होम प्रोडक्ट्स के ईकोसिस्टम का विस्तार करेगी और उसे और अधिक मजबूत बनाने में मदद करेगी।