1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. बेटी के खाते में आएंगे 46,18,385 रुपये, जानें सुकन्या समृद्धि योजना में हर साल कितने रुपये का करना होगा निवेश

बेटी के खाते में आएंगे 46,18,385 रुपये, जानें सुकन्या समृद्धि योजना में हर साल कितने रुपये का करना होगा निवेश

SSY खाते में हर साल कम से कम 250 रुपये जमा करने होते हैं। इस योजना के तहत आप अपनी बेटी के नाम से एक साल में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा कर सकते हैं।

ssy, Sukanya Samriddhi Yojana, Sukanya Samriddhi scheme, ssy interest rate, ssy calculator, investme- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK 10 साल से कम उम्र की बेटी का ही खुलता है खाता

Sukanya Samriddhi Yojana Calculator: केंद्र सरकार के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों की सरकारें भी बेटियों के लिए कई तरह की बचत योजनाएं चला रही हैं। केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना एक लोकप्रिय योजना है, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान साल 2015 में हुई थी। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बेटियों को 8.2 प्रतिशत का बंपर ब्याज मिल रहा है। बताते चलें कि बेटियों को इतना ब्याज, देश की किसी भी अन्य योजना में नहीं मिल रहा है। सुकन्या समृद्धि योजना की सबसे खास बात ये है कि ये पूरी तरह से टैक्स-फ्री है, यानी इससे होने वाली कमाई पर आपको एक भी रुपये का टैक्स नहीं देना होता है। आइए जानते हैं कि इस योजना में हर साल कितने रुपये का निवेश करना होगा, जिससे बेटी के खाते में 46,18,385 रुपये आएंगे।

10 साल से कम उम्र की बेटी का ही खुलता है खाता

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) के तहत सिर्फ 10 साल से कम उम्र की बेटी का ही खाता खोला जाता है। SSY खाते में हर साल कम से कम 250 रुपये जमा करने होते हैं। इस योजना के तहत आप अपनी बेटी के नाम से एक साल में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा कर सकते हैं। इस सरकारी स्कीम के तहत, आपको अपनी बेटी के नाम से 15 साल तक निवेश करना होता है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत, आपकी बेटी के नाम से खोला गया खाता, खाता खुलवाने की तारीख से 21 साल बाद मैच्यॉर हो जाता है। अगर आपकी बेटी 18 साल की हो गई है और आपको उसकी शादी करनी है तो ऐसी परिस्थितियों में भी आप अपनी बेटी का खाता बंद करा सकते हैं, जिसके बाद सारा पैसा आपकी बेटी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए जाते हैं।

बेटी के खाते में आएंगे 46,18,385 रुपये

सुकन्या समृद्धि योजना के तहत एक परिवार की अधिकतम 2 बेटियों के ही खाते खुलवाए जा सकते हैं। हालांकि, जिन परिवारों में जुड़वा बेटियां हों, उस परिवार में 2 से ज्यादा बेटियों के भी खाते खुलवाए जा सकते हैं। आप देश के किसी भी बैंक या पोस्ट ऑफिस में अपनी बेटी के नाम पर सुकन्या समृद्धि खाता खुलवा सकते हैं। अगर अभी आपकी बेटी की उम्र 1 साल है और आप इसी साल सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अपनी बेटी का खाता खुलवाते हैं तो आपकी बेटी को खाता मैच्यॉर होने पर 46,18,385 रुपये मिल सकते हैं, इसके लिए आपको 15 साल तक हर साल 1,00,000 रुपये का निवेश करना होगा। यानी, आपको अपनी बेटी के उज्जवल भविष्य के लिए हर महीने 8,334 रुपये बचाने होंगे।

Latest Business News