FD Interest Rates: बैंक ऑफ बड़ौदा और कोटक महिंद्रा बैंक ने मई 2025 के लिए अपनी FD ब्याज दरों में बदलाव कर दिया है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने 3 करोड़ रुपये से कम अमाउंट वाली एफडी की ब्याज दरें घटा दी हैं, जबकि कोटक महिंद्रा बैंक ने एक तय अवधि की एफडी के लिए ब्याज दर में 50 बेसिस पॉइंट्स (बीपीएस) की कटौती की है। ये बदलाव अप्रैल 2025 में उनके पहले के बदलावों के बाद किया गया हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा की नई ब्याज दरें आज से लागू
बैंक ऑफ बड़ौदा ने 3 करोड़ रुपये से कम अमाउंट वाले कुछ चुनिंदा अवधि की एफडी की ब्याज दरें कम की हैं। नई दरें 5 मई, 2025 से लागू होंगी। बैंक ने इससे पहले अप्रैल, 2025 में भी एफडी की ब्याज दरों में बदलाव किया था। इस ताजा बदलाव के बाद, बैंक ऑफ बड़ौदा सामान्य नागरिकों को 7 दिनों से लेकर 10 साल तक की अवधि वाली एफडी पर 4 प्रतिशत से लेकर 7.10 प्रतिशत के बीच ब्याज दरें प्रदान करेगा। जबकि वरिष्ठ नागरिकों को ये सरकारी बैंक 4.50 प्रतिशत से लेकर 7.60 प्रतिशत तक का ब्याज दिया जाएगा।
444 दिनों की एफडी पर अब मिलेगा कम ब्याज
बैंक ऑफ बड़ौदा 444 दिनों की अवधि वाली एफडी स्कीम पर सामान्य लोगों को अब 7.10 प्रतिशत का ब्याज देगा और सीनियर सिटीजन को 7.60 प्रतिशत का ब्याज दिया जाएगा। इनके अलावा, सुपर सीनियर सिटीजन को 7.70 प्रतिशत का ब्याज दिया जाएगा। बताते चलें कि इससे पहले, 444 दिनों की एफडी पर बैंक ऑफ बड़ौदा सामान्य नागरिकों को 7.15 प्रतिशत, सीनियर सिटीजन को 7.65 प्रतिशत और सुपर सिटीजन को 7.75% का ब्याज दे रहा था।
कोटक महिंद्रा बैंक ने 180 दिनों की एफडी पर घटाया ब्याज
इसी तरह, प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक ने 180 दिनों की अवधि वाली FD पर दी जाने वाली ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट्स की कटौती करते हुए इसे 7 प्रतिशत से घटाकर 6.50 प्रतिशत कर दिया है। नई दरें 5 मई, 2025 से प्रभावी हो गई हैं। बैंक ने इससे पहले 30 अप्रैल, 2025 को भी कुछ चुनिंदा अवधि वाली FD की ब्याज दरों में बदलाव किया था।
Latest Business News