1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. Gold Price में आएगी भारी गिरावट, क्वांट म्यूचुअल फंड ने निवेशकों को किया आगाह

Gold Price में आएगी भारी गिरावट, क्वांट म्यूचुअल फंड ने निवेशकों को किया आगाह

सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 330 रुपये बढ़कर 98,930 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई थी।

gold, gold Price Today, Gold Rate Today, Gold Price Today, Silver Price Today, 18 carat gold price, - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सोने के भाव में आएगी भारी गिरावट

म्यूचुअल फंड हाउस क्वांट ने निवेशकों को आगाह करते हुए कहा है कि सोने की कीमतों में भारी गिरावट आने वाली है। क्वांट म्यूचुअल फंड्स ने बताया कि सोना अपने शिखर पर पहुंच चुका है और अगले 2 महीनों में सोने के भाव में 12 से 15 प्रतिशत (डॉलर में) तक की गिरावट आ सकती है। ऐसेट मैनेजमेंट कंपनी ने कहा, ''हमारे मध्यम अवधि और दीर्घकालिक विचार समान रूप से रचनात्मक हैं और हम दोहराते हैं कि आपके पोर्टफोलियो का एक सार्थक हिस्सा कीमती धातुओं के लिए समर्पित होना चाहिए।''

जून में कच्चे तेल की कीमतों में आएगी तेजी

जून का महीना कच्चे तेल के लिए मौसमी रूप से तेजी वाला महीना होता है और इसमें पहले ही गिरावट का दौर खत्म हो चुका है, लेकिन यदि उभरते बाजारों में जोखिम कम होने का दौर बढ़ता है तो इसमें तेजी आ सकती है। कंपनी के मंथली रिलीज में कहा गया है कि कच्चे तेल की कीमतों में 10 से 12% तक की तेजी आ सकती है। 

वायदा कारोबार में कैसी है सोने की स्थिति

बताते चलें कि कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव मंगलवार को 308 रुपये की गिरावट के साथ 97,645 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त में डिलीवरी वाले सोने का भाव 308 रुपये (0.31 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 97,645 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एक्सपर्ट्स ने कमजोर वैश्विक संकेतों को सोने की कीमतों में गिरावट का प्रमुख कारण बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,358.64 डॉलर प्रति औंस रहा। 

सर्राफा बाजार में क्या चल रहा है गोल्ड का भाव

सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 330 रुपये बढ़कर 98,930 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई थी। जबकि, पिछले हफ्ते शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 98,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इसके साथ ही 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी सोमवार को 300 रुपये बढ़कर 98,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई थी। सोने के अलावा, चांदी की कीमत भी सोमवार को 100 रुपये बढ़कर 1,00,100 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Latest Business News