A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. Credit Card का समझदारी से करें उपयोग, जानें क्या करें क्या न करें, वरना बढ़ सकता है कर्ज

Credit Card का समझदारी से करें उपयोग, जानें क्या करें क्या न करें, वरना बढ़ सकता है कर्ज

क्रेडिट कार्ड का सही और अनुशासित उपयोग आपकी वित्तीय स्थिति को मजबूत बना सकता है, जबकि लापरवाही आपको कर्ज के जाल में फंसा सकती है। इसलिए समझदारी से खर्च करें और समय पर भुगतान करें।

अपने क्रेडिट कार्ड का मासिक स्टेटमेंट ध्यान से देखें।- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY अपने क्रेडिट कार्ड का मासिक स्टेटमेंट ध्यान से देखें।

क्रेडिट कार्ड आज के समय में एक जरूरी वित्तीय साधन बन चुका है, लेकिन इसका सही इस्तेमाल न करने पर यह आर्थिक बोझ भी बन सकता है। इसलिए जरूरी है कि इसके उपयोग के दौरान कुछ अहम बातों का ध्यान रखा जाए। अगर आप नया क्रेडिट कार्ड ले रहे हैं या मौजूदा कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले अपने बजट और स्पेंडिंग पैटर्न को समझें। जरूरत पड़ने पर बैंक की वेबसाइट या ऐप पर सबसे महत्वपूर्ण नियम और शर्तें जरूर पढ़ें। आइए, यहां क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में क्या करें और क्या न करें, ताकि कर्ज के भंवर में फंसने से बच सकें। 

क्या करें

  • अपनी जरूरत के अनुसार कार्ड चुनें: ऐसा क्रेडिट कार्ड लें जो आपकी लाइफस्टाइल और खर्च की आदतों के अनुकूल हो।
  • हर महीने स्टेटमेंट चेक करें: अपने क्रेडिट कार्ड का मासिक स्टेटमेंट ध्यान से देखें, ताकि किसी गलत ट्रांजैक्शन का समय रहते पता चल सके।
  • समय पर पूरा बिल चुकाएं: ब्याज से बचने के लिए हमेशा पूरा बिल समय पर भुगतान करें।
  • बजट के भीतर खर्च करें: अपनी आय के अनुसार ही खर्च करें, ताकि कर्ज बढ़ने से बचा जा सके।
  • इंटरेस्ट-फ्री पीरियड का लाभ लें: इस अवधि में भुगतान कर आप अतिरिक्त ब्याज देने से बच सकते हैं।
  • रिवॉर्ड पॉइंट्स पर नजर रखें: अपने रिवॉर्ड पॉइंट्स की वैधता पर ध्यान दें, ताकि उनका पूरा फायदा उठा सकें।

क्या न करें

  • सिर्फ न्यूनतम राशि का भुगतान न करें: ऐसा करने से बाकी रकम पर भारी ब्याज लग सकता है।
  • क्रेडिट लिमिट बार-बार पार न करें: इससे आपकी क्रेडिट प्रोफाइल खराब हो सकती है।
  • बिल भुगतान में देरी न करें: लेट पेमेंट से पेनल्टी और ब्याज दोनों बढ़ते हैं।
  • पुराने कार्ड बंद करने से बचें: इससे आपका क्रेडिट स्कोर प्रभावित हो सकता है।
  • एक साथ कई कार्ड के लिए आवेदन न करें: इससे आपकी क्रेडिट योग्यता पर नकारात्मक असर पड़ता है।
  • कैश निकालने से बचें: क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना महंगा पड़ता है, क्योंकि इस पर तुरंत ब्याज लगने लगता है।

Latest Business News