A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. SBI में 1111 दिनों वाली FD में ₹5,00,000 जमा करेंगे तो ब्याज कितना मिलेगा? समझें कैलकुलेशन

SBI में 1111 दिनों वाली FD में ₹5,00,000 जमा करेंगे तो ब्याज कितना मिलेगा? समझें कैलकुलेशन

एसबीआई की इस फिक्स्ड रिटर्न वाली स्कीम में निवेश के कई फायदे भी मिलते हैं। वरिष्ठ नागरिकों को स्कीम में ज्यादा ब्याज भी ऑफर किया जा रहा है।

वरिष्ठ नागरिकों को 6.70% ब्याज ऑफर किया जा रहा है।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV वरिष्ठ नागरिकों को 6.70% ब्याज ऑफर किया जा रहा है।

अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ अच्छा रिटर्न पाना चाहते हैं, तो भारतीय स्टेट बैंक की 1111 दिनों वाली एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपाजिट (एफडी) स्कीम एक बेहतर विकल्प हो सकती है। इस स्कीम में निवेश करके आप न सिर्फ निश्चित ब्याज कमा सकते हैं, बल्कि पर्यावरण से जुड़े प्रोजेक्ट्स को भी अप्रत्यक्ष रूप से सपोर्ट करते हैं। अब यहां सवाल है कि अगर आप ₹5,00,000 इस एफडी स्कीम में जमा करते हैं, तो 1111 दिनों बाद आपको कितना ब्याज मिलेगा? यूं कहें कि निवेश रकम पर कितना रिटर्न मिलेगा। इसको हम यहां आसान और स्टेप-बाय-स्टेप कैलकुलेशन से समझ लेते हैं, ताकि आप निवेश का सही फैसला ले सकें।

ब्याज दर और स्कीम में है खास

1111 दिनों वाली एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपाजिट स्कीम में मौजूदा समय में सामान्य ग्राहको को 6.20% ब्याज ऑफर किया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों को 6.70% ब्याज ऑफर किया जा रहा है। इस स्कीम में मिनिमम 1000 रुपये निवेश किया जा सकता है। मैक्सिमम अमाउंट की कोई लिमिट नहीं है। टीडीएस आयकर नियमों के अनुसार लागू होता है। टीडीएस की कटौती न करने के लिए ग्राहक नियमों के अनुसार फॉर्म 15जी/15एच जमा कर सकता है। 

₹5,00,000 जमा पर समझें रिटर्न का कैलकुलेशन

एसबीआई कैलकुलेटर के मुताबिक, अगर कोई सामान्य ग्राहक  1111 दिनों वाली एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपाजिट स्कीम में 5,00,000 रुपये निवेश करता है तो  मेच्योरिटी पर यानी आखिर में 6.20% ब्याज के आधार पर कैलकुलेशन के हिसाब से उस ग्राहक को ₹1,02,976 रिटर्न मिलता है। यानी कुल ₹6,02,976 फंड के तौर पर जमा हो जाता है। इसी तरह, सीनियर सिटीजन अगर इतनी ही रकम इस स्कीम में निवेश करते हैं तो 6.70% ब्याज के आधार पर कैलकुलेट करें तो ₹1,12,075 रिटर्न मिलेगा। यानी उस सीनियर सिटीजन के पास 1111 दिनों बाद कुल ₹6,12,075 रकम इकट्ठा होगी।

क्या है एसबीआई ग्रीन रुपी टर्म डिपाजिट स्कीम

भारतीय रिजर्व बैंक ने 11 अप्रैल 2023 को ग्रीन फाइनेंस से जुड़े दिशानिर्देश जारी किए। इसक मकसद देश में हरित वित्त (ग्रीन फाइनेंस) को बढ़ावा देना और पर्यावरण अनुकूल परियोजनाओं के लिए धन जुटाना है। इस पहल के तहत, भारतीय स्टेट बैंक ने एसबीआई ग्रीन रूपी टर्म डिपॉजिट नाम से एक नई जमा योजना शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी पहलों के लिए फंड जुटाना और ग्राहकों को सुरक्षित निवेश का विकल्प प्रदान करना है। इसके माध्यम से निवेशक न केवल सुनिश्चित रिटर्न कमा सकते हैं, बल्कि सतत विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) में भी अपना योगदान दे सकते हैं।

Latest Business News