भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इस साल रेपो रेट में कुल 0.50 प्रतिशत की कटौती कर चुका है। ये कटौती दो बार में की गई है। आरबीआई ने सबसे पहले फरवरी में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की थी, और फिर अप्रैल में भी 0.25 प्रतिशत की कटौती कर दी गई। जिसके बाद अब रेपो रेट 6.50 प्रतिशत से 6.00 प्रतिशत पर आ गया है। आरबीआई द्वारा रेपो रेट घटाए जाने के बाद सभी बैंकों ने एफडी की ब्याज दरों में भी कटौती कर दी। हालांकि, पोस्ट ऑफिस अभी भी अपने ग्राहकों को पहले की तरह ही बंपर ब्याज दे रहा है। आज हम यहां जानेंगे कि अगर वाइफ के नाम से पोस्ट ऑफिस में 2 साल की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करें तो मैच्यॉरिटी पर कुल कितने रुपये मिलेंगे।
2 साल की टीडी पर मिल रहा है 7.00 प्रतिशत का ब्याज
पोस्ट ऑफिस में एफडी को टीडी यानी टाइम डिपोजिट के नाम से जाना जाता है। पोस्ट ऑफिस का टीडी बिल्कुल एफडी की तरह ही होता है, जहां आपको एक तय समय के बाद एक फिक्स रिटर्न मिलता है। पोस्ट ऑफिस अपने ग्राहकों को टीडी (टाइम डिपोजिट) खातों पर 6.9 प्रतिशत से लेकर 7.5 प्रतिशत तक का ब्याज दे रहा है। पोस्ट ऑफिस में 1 साल की टीडी पर 6.90 प्रतिशत, 2 साल की टीडी पर 7.0 प्रतिशत, 3 साल की टीडी पर 7.1 प्रतिशत और 5 साल की टीडी पर 7.5 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है। बताते चलें कि पोस्ट ऑफिस अपने सभी ग्राहकों को बराबर ब्याज देता है, चाहे वो कोई भी हों।
2,00,000 रुपये जमा करें तो मिलेगा 29,776 रुपये का फिक्स ब्याज
अगर आप अपनी वाइफ के नाम से पोस्ट ऑफिस में 2 साल की टीडी स्कीम में 2 लाख रुपये का निवेश करते हैं तो मैच्यॉरिटी पर आपकी वाइफ के खाते में कुल 2,29,776 रुपये आएंगे। इनमें आपके द्वारा जमा किए गए 2,00,000 रुपये के अलावा, 29,776 रुपये का गारंटीड फिक्स ब्याज भी शामिल है। पोस्ट ऑफिस केंद्र सरकार के अधीन काम करती है और इसके कामकाज पर सरकार का सीधा कंट्रोल होता है। यही वजह है कि पोस्ट ऑफिस में जमा होने वाला आपका एक-एक रुपया पूरी तरह से सुरक्षित है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
Latest Business News