A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. Post Office में 36 महीने की FD में ₹2,00,000 जमा करें तो कितना मिलेगा ब्याज, समझें कैलकुलेशन

Post Office में 36 महीने की FD में ₹2,00,000 जमा करें तो कितना मिलेगा ब्याज, समझें कैलकुलेशन

पोस्ट ऑफिस में टीडी या एफडी खाता खुलवाने के लिए बहुत ज्यादा विकल्प नहीं मिलते हैं। टीडी खाते की अवधि को लेकर पोस्ट ऑफिस में सिर्फ 4 विकल्प ही हैं।

post office fd, post office 36 months fd, post office 36 months fd interest rate, post office 36 mon- India TV Hindi
Image Source : INDIA POST डाकघर

Post Office Saving Schemes: भारत का डाक विभाग, डाक सेवाओं के साथ-साथ कई तरह की बैंकिंग सेवाएं भी प्रदान करता है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि पोस्ट ऑफिस की कई बचत योजनाएं, प्रमुख बैंकों की योजनाओं से ज्यादा लोकप्रिय हैं। पोस्ट ऑफिस की कुछ योजनाएं ऐसी भी हैं, जिनमें ग्राहकों को बैंकों की तुलना में ज्यादा ब्याज मिलता है। यहां हम जानेंगे कि पोस्ट ऑफिस में 36 महीने की एफडी में 2 लाख रुपये जमा करें तो कितना ब्याज मिलेगा। बताते चलें कि पोस्ट ऑफिस में एफडी को टीडी यानी टाइम डिपोडिट के नाम से जाना जाता है। पोस्ट ऑफिस की टीडी स्कीम बिल्कुल बैंकों की एफडी स्कीम की तरह ही होती है।

पोस्ट ऑफिस में टीडी खाते की अवधि को लेकर 4 विकल्प ही उपलब्ध

पोस्ट ऑफिस में टीडी या एफडी खाता खुलवाने के लिए बहुत ज्यादा विकल्प नहीं मिलते हैं। टीडी खाते की अवधि को लेकर पोस्ट ऑफिस में सिर्फ 4 विकल्प ही हैं। पोस्ट ऑफिस में 1 साल, 2 साल, 3 साल और 5 साल के लिए टीडी खाता खुलवाया जा सकता है। जबकि, बैंकों में आप कम से कम 7 दिन और अधिकतम 10 साल की अवधि के लिए एफडी खाता खुलवा सकते हैं। हालांकि, पोस्ट ऑफिस अपने ग्राहकों को टीडी खातों पर बैंक एफडी की तुलना में ज्यादा ब्याज देता है। पोस्ट ऑफिस में 1 साल की टीडी पर 6.9 प्रतिशत, 2 साल की टीडी पर 7.0 प्रतिशत, 3 साल की टीडी पर 7.1 प्रतिशत और 5 साल की टीडी पर 7.5 प्रतिशत का मोटा ब्याज दे रहा है।

पोस्ट ऑफिस में 36 महीने की FD में 2,00,000 रुपये जमा करें तो कितना मिलेगा ब्याज

पोस्ट ऑफिस में 3 साल यानी 36 महीने की एफडी खाते में 2 लाख रुपये जमा करें मैच्यॉरिटी पर आपको 47,015 रुपये के फिक्स ब्याज समेत कुल 2,47,015 रुपये मिलेंगे। यहां आपको एक बहुत महत्वपूर्ण बात जानना बहुत जरूरी है। पोस्ट ऑफिस में सभी आयुवर्ग के ग्राहकों को टीडी या एफडी खातों पर बराबर ब्याज मिलता है। जबकि, बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों को कुछ चुनिंदा अवधि वाली एफडी स्कीम पर 0.50 प्रतिशत ज्यादा ब्याज मिलता है। इनके साथ ही 80 साल से ज्यादा उम्र के अति वरिष्ठ ग्राहकों को वरिष्ठ नागरिकों से भी ज्यादा ब्याज मिलता है।

Latest Business News