A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. Personal Loan का पैसा कभी भी इन कामों में न करें खर्च वरना पड़ जाएगा पछताना

Personal Loan का पैसा कभी भी इन कामों में न करें खर्च वरना पड़ जाएगा पछताना

कई बार लोग क्रेडिट कार्ड का पेमेंट करने के लिए पर्सनल लोन ले लेते हैं। जब नियमित वेतन मिल रहा हो, तो हर किसी को लगता है कि वह आसानी से पर्सनल लोन की किस्त चुका देगा। लेकिन यह आसान नहीं होता। हो सकता है कि आप कर्ज के जाल में फंस जाएं।

पर्सनल लोन- India TV Hindi
Image Source : FILE पर्सनल लोन

लोन लेना आजकल बेहद आसान हो गया है। अगर आप किसी प्राइवेट फर्म में छोटी सी सैलरी पर भी जॉब करते हैं, तो भी बैंक आपको पर्सनल लोन ऑफर कर देंगे। वेतनभोगी कर्मचारियों को बैंक प्री अप्रूव्ड पर्सनल लोन ऑफर करते हैं। ग्राहक सिर्फ मोबाइल से एक क्लिक पर यह लोन ले सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि पर्सनल लोन पर सबसे अधिक ब्याज दर होती है। इसलिए जब कोई दूसरा विकल्प नहीं बचे, तब ही पर्सनल लोन लेना चाहिए। कई बार लोग अपने शौक पूरे करने या गैर-जरूरी कार्यों के लिए पर्सनल लोन ले लेते हैं। आज हम आपको बताएं कि आपको किन कामों के लिए पर्सनल लोन नहीं लेना चाहिए।

स्टॉक मार्केट में न लगाएं पर्सनल लोन का पैसा

कई लोग जल्दी रिटर्न कमाने के चक्कर में बड़ी गलती कर देते हैं। वे लालच में आकर पर्सनल लोन का पैसा शेयर बाजार में लगा देते हैं। शेयर बाजार में काफी अधिक रिस्क होता है। यह अत्यधिक अस्थिरता वाला निवेश विकल्प है। शेयर बाजार में निवेश के लिए पर्सनल लोन लेकर आप अपने जोखिम को कई गुना बढ़ा देते हैं। पर्सनल लोन में आपको हर महीने किस्त चुकानी होती है। अगर आपका पैसा शेयर बाजार में फंस गया और आपके पास आय का कोई नियमित स्रोत नहीं रहा, तो आप बुरे फंस सकते हैं।

पर्सनल लोन लेकर न चुकाएं कर्ज

पर्सनल लोन महंगा कर्ज है। ऐसे में इसे लेकर कोई कर्ज न उतारें। कई बार लोग क्रेडिट कार्ड का पेमेंट करने के लिए पर्सनल लोन ले लेते हैं। जब नियमित वेतन मिल रहा हो, तो हर किसी को लगता है कि वह आसानी से पर्सनल लोन की किस्त चुका देगा। लेकिन यह आसान नहीं होता। हो सकता है कि आप कर्ज के जाल में फंस जाएं।

शौक पूरे करने हैं तो मेहनत करें

आपका बैंक आपको आसानी से पर्सनल लोन दे रहा है या आपके पास प्री-अप्रूव्ड ऑफर है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि आप अपने शौक पूरे करने के लिए पर्सनल लोन ले लें। कुछ लोग महंगा मोबाइल खरीदने या फिर कहीं घूमने जाने के लिए भी पर्सनल लोन ले लेते हैं। ये ऐसे काम हैं, जो आपकी जरूरत नहीं, बल्कि शौक हैं। इनके लिए पर्सनल लोन लेने से परहेज करें, क्योंकि पर्सनल लोन पर आपको भारी ब्याज चुकाना होता है।

सही लोन का चुनाव करें 

कई लोग प्रॉपर्टी का डाउन पेमेंट करने, कार खरीदने या एजुकेशन के लिए पर्सनल लोन ले लेते हैं। ऐसा कभी ना करें। पर्सनल लोन में इन जरूरतों के मुताबिक फीचर्स नहीं होते हैं और ब्याज दर भी अधिक होती है।

Latest Business News