1. Hindi News
  2. पैसा
  3. मेरा पैसा
  4. Post Office की ये स्कीम बनाती है बच्चों का भविष्य, शानदार ब्याज और गारंटीड रिटर्न संग टैक्स छूट भी

Post Office की ये स्कीम बनाती है बच्चों का भविष्य, शानदार ब्याज और गारंटीड रिटर्न संग टैक्स छूट भी

नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट अकाउंट में न्यूनतम ₹1000 से निवेश की शुरुआत की जा सकती है और इसमें इसके बाद ₹100 के मल्टीपल में कोई भी राशि जमा की जा सकती है।

स्कीम में जमा राशि की मेच्योरिटी जमा की तिथि से 5 वर्ष की अवधि पूरी होने पर होगी। - India TV Hindi
Image Source : CANVA स्कीम में जमा राशि की मेच्योरिटी जमा की तिथि से 5 वर्ष की अवधि पूरी होने पर होगी।

बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक बेहतर फाइनेंशियल प्लानिंग बहुत करना अभी से बहुत जरूरी है। बेशक मार्केट में इसके लिए कई ऑप्शन हैं। लेकिन गांरटीड रिटर्न वाले ऑप्शन के तौर पर पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट यानी एनएससी भी एक बेहतर विकल्प है। इसमें बेहतर रिटर्न के साथ-साथ इनकम टैक्स में छूट पाने का भी प्रावधान है। आप चाहें तो बड़ी आसानी से अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस में एनएससी अकाउंट ओपन करा हर साल निवेश की शुरुआत कर सकते हैं। बच्चे की उच्च शिक्षा पाने का जब वक्त आएगा, तब आपके द्वारा किया गया यही निवेश काम आएगा।

कौन खोल सकता है यह अकाउंट

बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट अकाउंट कोई भी वयस्क व्यक्ति स्वयं के नाम पर खाता खोल सकता है। अधिकतम तीन वयस्कों तक मिलकर ज्वाइंट अकाउंट भी खोल सकते हैं। इसके अलावा, अभिभावक द्वारा नाबालिग के लिए खाता खोला जा सकता है। एक अभिभावक नाबालिग बच्चे की ओर से खाता खोल सकता है। 10 वर्ष या उससे अधिक आयु का नाबालिग खुद के नाम से खाता खोल सकता है। सबसे खास बात यह है कि आप चाहें जितनी संख्या में अकाउंट खोल सकते हैं। 

मिनिमम निवेश रकम और टैक्स छूट

नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट अकाउंट में न्यूनतम ₹1000 से निवेश की शुरुआत की जा सकती है और इसमें इसके बाद ₹100 के मल्टीपल में कोई भी राशि जमा की जा सकती है। इसमें अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है यानी, आप इच्छानुसार कोई भी राशि निवेश कर सकते हैं। इस स्कीम में किया गया निवेश आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत कर कटौती के लिए पात्र है।

स्कीम की कब होगी मेच्योरिटी

जमा राशि की मेच्योरिटी जमा की तिथि से 5 वर्ष की अवधि पूरी होने पर होगी। ब्याज हर वर्ष के अंत में संचित होगा और पहले चार वर्षों तक का ब्याज ऐसा माना जाएगा कि वह ऑटोमैटिक रीइन्वेस्ट हो गया है और उसे सर्टिफिकेट की मूल राशि में जोड़ दिया जाएगा। हर साल के आखिर में संचित ब्याज का प्रमाणपत्र डाकघर से अनुरोध पर हासिल किया जा सकता है, या डाक विभाग की इंटरनेट बैंकिंग के जरिये से डाउनलोड किया जा सकता है।

बेहतर ब्याज के साथ गारंटीड रिटर्न 

पोस्ट ऑफिस की इस सेविंग स्कीम में फिलहाल 7.7 प्रतिशत सालाना ब्याज मिल रहा है। इसमें निवेश पर रिटर्न को एक उदाहरण से समझ सकते हैं। पोस्ट ऑफिस की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, अगर आप 10,000 रुपये निवेश करते हैं तो मेच्योरिटी पर आपको 4,490 रुपये ब्याज के तौर पर रिटर्न मिलेगा। ये भी गारंटीड मिलेगा। क्योंकि इस स्कीम का मार्केट से कोई लिंक नहीं होता है। यह निवेश इसलिए सुरक्षित है क्योंकि यह भारत सरकार की सेविंग स्कीम है।

Latest Business News