SBI Home Loan: भारतीय रिजर्व बैंक ने 8 अप्रैल को मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग में लिए गए फैसलों की घोषणा कर दी थी। आरबीआई ने बताया कि कमेटी ने रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने का फैसला किया है। आरबीआई के इस फैसले की वजह से लोन की ब्याज दरों में कोई ताजा कटौती नहीं होगी। हालांकि, लोन की ब्याज दरें काफी कम हो चुकी हैं। आरबीआई ने पिछले साल रेपो रेट में 1.25 प्रतिशत की कटौती की थी, जिसकी वजह से होम लोन समेत बाकी सभी लोन सस्ते हो गए थे। यहां हम जानेंगे कि नौकरीपेशा लोगों के लिए भारतीय स्टेट बैंक से 50 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए कितनी सैलरी होनी चाहिए?
50 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए कितनी होनी चाहिए सैलरी
आरबीआई द्वारा पिछले साल रेपो रेट में 1.25 प्रतिशत की कटौती के बाद भारतीय स्टेट बैंक ने भी होम लोन की ब्याज दरें घटा दी थीं। भारतीय स्टेट बैंक अपने ग्राहकों को अभी 7.25 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दरों पर होम लोन दे रहा है। भारतीय स्टेट बैंक से 7.25 प्रतिशत की ब्याज दर से 30 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए आपकी मंथली सैलरी कम से कम 69,000 रुपये होनी चाहिए। अगर आप 25 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेना चाहते हैं तो आपकी सैलरी कम से कम 73,000 रुपये होनी चाहिए और अगर आप 20 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेना चाहते हैं तो आपकी सैलरी कम से कम 80,000 रुपये होनी चाहिए।
आपको इन बातों का भी रखना होगा खास ध्यान
इसके कैलकुलेशन के हिसाब से आपको इस बात का खास ध्यान रखना होगा कि आपके नाम पर पहले से कोई दूसरा एक्टिव लोन नहीं होना चाहिए। अगर आपका पहले से ही कोई दूसरा लोन चल रहा है तो 69,000 रुपये की सैलरी पर आपको 30 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन नहीं मिल पाएगा। इसके साथ ही, आपको अपने क्रेडिट स्कोर का भी खास ख्याल रखना होगा। अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा नहीं है तो आपको लोन मिलना मुश्किल हो सकता है। होम लोन के लिए आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा होना चाहिए।
Latest Business News