A
  1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. महिला को खंभे से बांधकर पीटा, फाड़ डाले कपड़े; बेटे पर लगाया परिवार की बहू को भगाने का आरोप

महिला को खंभे से बांधकर पीटा, फाड़ डाले कपड़े; बेटे पर लगाया परिवार की बहू को भगाने का आरोप

पटियाला में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके कपड़े भी फाड़ दिए। फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

चंडीगढ़: पंजाब के पटियाला जिले में एक महिला के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां एक परिवार के सदस्यों ने महिला को खंभे से बांधकर उसकी पिटाई की है। इतना ही नहीं महिला ने कपड़े भी फाड़े जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला के बेटे पर परिवार की बहू को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप है। उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पंजाब राज्य महिला आयोग ने घटना का संज्ञान लेते हुए पटियाला के एसएसपी को इस मामले में सात अप्रैल तक कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

लड़के पर परिवार की बहू को भगाने का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना चार अप्रैल को पटियाला के जनसूहा गांव में घटी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब चालीस वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसी इलाके में रहने वाले परिवार ने उसे उस समय पकड़ लिया जब वह कहीं जा रही थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसे एक खंभे से बांध दिया गया, पीटा गया और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। महिला ने बताया कि वे उसके 18 वर्षीय बेटे का पता पूछ रहे थे, क्योंकि उनका दावा है कि उसका बेटा उनकी बहू को भगा ले गया है। 

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

पीड़ित महिला ने कहा कि वह लगातार विनती करती रही कि उसे अपने बेटे के बारे में पता नहीं है। यहां तक ​​कि उसने अपने बेटे का पता लगाने में मदद की पेशकश भी की। हालांकि, बाद में पुलिस ने महिला को बचा लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में राजपुरा के सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों कुलदीप और बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को भी पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

पुलिसकर्मी ने पीड़ित से मांगी 50 हजार की रिश्वत, ACB ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

जूता चुराई में हुआ बवाल, साली को 50 हजार की जगह मिले 5 हजार; 'भिखारी' कहे जाने पर हुई मारपीट