1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. पुलिसकर्मी ने पीड़ित से मांगी 50 हजार की रिश्वत, ACB ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

पुलिसकर्मी ने पीड़ित से मांगी 50 हजार की रिश्वत, ACB ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Apr 06, 2025 11:07 pm IST,  Updated : Apr 06, 2025 11:07 pm IST

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्वत लेने के मामले में एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। एसीबी की टीम ने रिश्वत लेने के टाइम ही आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया।

रिश्वत लेते समय एसीबी ने किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
रिश्वत लेते समय एसीबी ने किया गिरफ्तार। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पुलिसकर्मी को रिश्वत मांगने और इसे स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को घटना के बारे में जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक आरोपी पुलिसकर्मी ने डीजल चोरी के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर दिया था। पुलिसकर्मी ने उसकी गाड़ी भी जब्त कर ली। मामले के निपटारे के लिए वह पीड़ित से 50 हजार रुपये मांग रहा था। पीड़ित की शिकायत पर एसीबी ने आरोपी पुलिसकर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। 

डीजल चोरी के आरोप में दर्ज किया केस

एसीबी के एक अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी सहायक उपनिरीक्षक मनोज मिश्रा को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी मनोज मिश्रा ने पिछले महीने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपी ने उसकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत की थी। एसीबी के अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता पर डीजल चोरी के आरोप को लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इतना ही नहीं उसकी स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) भी जब्त कर ली गई थी। 

50 हजार रुपये की मांगी रिश्वत

उन्होंने आगे बताया कि हरदी बाजार पुलिस थाने में तैनात पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर मामले को निपटाने के लिए 50,000 रुपये की मांग की। इसी बीच, मनोज मिश्रा का तबादला जिले के सिटी कोतवाली थाने में कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद वह शिकायतकर्ता पर रिश्वत देने के लिए दबाव बनाता रहा। अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा सूचित किये जाने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी पुलिसकर्मी मनोज मिश्रा को उस समय पकड़ लिया जब उसने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10,000 रुपये लिए थे। उन्होंने बताया कि मनोज मिश्रा को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

जूता चुराई में हुआ बवाल, साली को 50 हजार की जगह मिले 5 हजार; 'भिखारी' कहे जाने पर हुई मारपीट

बीकानेर-बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में लगी आग, यात्रियों में मचा मड़कंप; देखें Video

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।