छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तंत्र-मंत्र करने के संदेह में एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर तांत्रिक समझकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में शिवकुमार साहू घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कोनी थाना क्षेत्र के छोटी कोनी स्थित श्मशान घाट की है। पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों समेत उनके अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्मशान घाट के पास पी रहा था शराब
जानकारी के मुताबिक, शिवकुमार साहू अपने कुछ साथियों के साथ छोटी कोनी स्थित श्मशान घाट के पास बैठकर शराब पी रहा था। बताया जा रहा है कि इससे कुछ समय पहले ही श्मशान घाट पर एक महिला का अंतिम संस्कार किया गया था। इसी दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों की नजर शिवकुमार और उसके साथियों पर पड़ी। शिवकुमार की वेशभूषा देखकर ग्रामीणों को उसके तांत्रिक होने का शक हुआ।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
इसी संदेह के चलते ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्साए ग्रामीणों ने जयश्री राम के नारों के सात शिवकुमार की जमकर पिटाई कर दी गई। वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसके शरीर से खून निकलने लगा। हमले में उसे गंभीरे चोटें आईं। इसके बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जड़ी-बूटियों से इलाज करने का करता है काम
बताया जा रहा है कि शिवकुमार साहू जड़ी-बूटियों के जरिए लोगों का इलाज करने का काम करता है। हालांकि, उसकी वेशभूषा को देखकर ग्रामीणों को उसके तंत्र-मंत्र से जुड़े होने का संदेह हुआ था। इसी शक के आधार पर उसके साथ मारपीट की गई।
चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर के एएसपी पंकज कुमार पटेल ने कहा कि राजा यादव, उमेश ठाकुर, रवि यादव और उनके अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घायल शिवकुमार साहू का अस्पताल में इलाज जारी है।
सिकंदर खान की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
माओवाद से मुक्ति, विकास की नई उड़ान... छत्तीसगढ़ के 26 साल पूरे, PM मोदी ने की तारीफ