चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा। सुनील जाखड़ ने हाल ही में संसद से पारित हुए विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB G RAM G) अधिनियम के विरोध में विशेष विधानसभा सत्र बुलाने के लिए जमकर हमला बोला। जाखड़ ने कहा कि भगवंत मान सरकार विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय किसी ‘इवेंट मैनेजमेंट’ कंपनी की तरह व्यवहार कर रही है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार एक और ‘प्रचार अभियान’ की तैयारी कर रही है।
मान सरकार हर मोर्चे पर विफल
भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि मान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और उसके पास गिनाने लायक कोई उपलब्धि नहीं है। उन्होंने विशेष सत्र की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘इसलिए, यह हर दिन नया दुष्प्रचार कर रही है।’’ सुनील जाखड़ ने कहा कि बेहतर होगा अगर सरकार राज्य में ‘बिगड़ती’ कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करने और ‘‘लगभग रोजाना हो रही हत्याओं और जबरन वसूली की धमकियों पर विचार-विमर्श करने’’ के लिए एक विशेष सत्र बुलाए।
पंजाब सरकार ने बुलाया विशेष सत्र
बता दें कि पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार के VB- G RAM G अधिनियम के विरोध में 30 दिसंबर को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। यह अधिनियम 20 साल पुराने मनरेगा कानून की जगह लाया गया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने शनिवार को दावा किया था कि नया ग्रामीण रोजगार कानून गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों, अनुसूचित जाति समुदायों और मनरेगा पर निर्भर ग्रामीण मजदूरों को बुरी तरह प्रभावित करेगा।
सीएम मान ने एक्स पर किया पोस्ट
हाल ही में पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर भी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की जानकारी दी थी। एक्स पर एक पोस्ट में पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ‘मनरेगा’ योजना में बदलाव करके गरीबों की आजीविका को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है इस मनमानी के खिलाफ पंजाबियों की आवाज उठाने के लिए जनवरी के दूसरे सप्ताह में पंजाब विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया जाएगा।’’
यह भी पढ़ें-
महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ी हलचल, पिंपरी चिंचवड़ चुनाव में एक साथ आया 'पवार परिवार'; गठबंधन का ऐलान
'दुनिया के कल्याण के लिए भारत को विश्वगुरु बनना होगा', हैदराबाद में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत