1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. पंजाब में नशे का विरोध करने पर एक और मर्डर, बदमाशों ने तीन लोगों पर किया हमला; दो की हालत गंभीर

पंजाब में नशे का विरोध करने पर एक और मर्डर, बदमाशों ने तीन लोगों पर किया हमला; दो की हालत गंभीर

पंजाब के श्रीहरगोबिंदपुर में नशे का विरोध करने पर तीन लोगों पर जानलेवा हमला किया गया। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जबकि दो की हालत गंभीर है।

तीन लोगों पर धारदार हथियार से हमला।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT तीन लोगों पर धारदार हथियार से हमला।

मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अभी पूरी तरह ठंडा भी नहीं हुआ था कि श्रीहरगोबिंदपुर से एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पंजाब के श्रीहरगोबिंदपुर के गांव माड़ी पन्नवां में नशा बेचने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी हमले में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

बेटियों और बहनों का निकलना मुश्किल

घायल अवस्था में अस्पताल में उपचाराधीन गुरमुख सिंह ने दर्द बयान करते हुए बताया कि आरोपी युवक रोजाना उनकी गली में खड़े रहते थे, जिसके कारण क्षेत्र की बेटियों और बहनों का उस रास्ते से गुजरना तक दूभर हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ये युवक खुलेआम नशा बेचते हैं। जब बुधवार को उन्हें गली में नशा बेचने से रोका गया, तो गुस्से में आए उन युवकों ने बिक्रमजीत सिंह, निशान सिंह और उन पर तेजधार हथियारों से अचानक जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में तीनों बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

10 से 15 लोगों ने किया हमला

घटना की पुष्टि करते हुए गांव के सरपंच सुरिंदरपाल सिंह बाजवा ने बताया कि निशान सिंह, गुरमुख सिंह और बिक्रमजीत सिंह गांव में नशा बेचने की गतिविधियों को रोकने के लिए गए थे। सरपंच के मुताबिक, इसी दौरान घात लगाए बैठे 10 से 15 हमलावरों ने तीनों पर बेरहमी से प्रहार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए तुरंत सीएचसी भाम में भर्ती करवाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान एक की मौत

सीएचसी भाम के डॉ अभिषेक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में लाए गए घायलों की पहचान निशान सिंह (35) पुत्र अमरजीत सिंह, गुरमुख सिंह (35) पुत्र परमजीत सिंह और बिक्रमजीत सिंह (40) पुत्र तरसेम सिंह के रूप में हुई है। डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर इलाज के दौरान बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उनका इलाज जारी है।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही थाना श्रीहरगोबिंदपुर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में थाना श्रीहरगोबिंदपुर के एसएचओ सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। एसएचओ ने बताया कि झगड़ा किस कारण हुआ था, इसकी जांच की जा रही है, ताकि हत्या का सही कारण सामने आ सके। वहीं परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

नितिन नबीन ने AAP सरकार पर बोला हमला

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "पंजाब में नशीले पदार्थों का संकट चिंताजनक स्तर तक पहुंच गया है। मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के ठीक दो दिन बाद गुरदासपुर में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की हत्या, 'आप' (AAP) सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था के चरमरा जाने पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पंजाब की हालत कैसी हो गई है कि समाज में नशों के खिलाफ आवाज उठाने वालों को ही अपनी जान का डर सताने लगा है? पंजाब को ड्रग माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा की जरूरत है। पंजाब की जनता जवाबदेही की हकदार है और उसे एक ऐसी सरकार चाहिए जो उन्हें सुरक्षित रख सके।"

यह भी पढ़ें-

अहमदाबाद के गरबा पंडाल में पहचान छिपाकर घुसते हुए पकड़े गए दो मुस्लिम युवक, पिटाई के बाद किया पुलिस के हवाले