1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. CM भगवंत मान ने संगरूर में किया आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत

CM भगवंत मान ने संगरूर में किया आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर के धुरी में 80 बेड का आधुनिक अस्पताल शुरू किया। इसमें इमरजेंसी, ऑपरेशन थिएटर, जांच और मातृ-शिशु सेवाएं उपलब्ध हैं। यह अस्पताल हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देगा।

Bhagwant Mann hospital inauguration, Sangrur hospital Punjab, Dhuri sub divisional hospital- India TV Hindi
Image Source : X.COM/BHAGWANTMANN पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संगरूर में एक आधुनिक उपमंडलीय अस्पताल का उद्घाटन किया।

धुरी (संगरूर): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संगरूर जिले के धुरी में एक आधुनिक उपमंडलीय अस्पताल और मातृ-शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक को जनता को समर्पित किया। इस कदम को इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़े सुधार के तौर पर देखा जा रहा है। यह अस्पताल कुल 80 बेड का है, जिसमें 50 बेड वाला उपमंडलीय अस्पताल और 30 बेड वाला मातृ-शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक शामिल है। करीब 21.65 करोड़ रुपये की लागत से बना यह परिसर लगभग 73,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है। यह अस्पताल धुरी शहर के 58,000 से ज्यादा शहरी निवासियों के साथ-साथ आसपास के लगभग 70 गांवों के लोगों को फायदा पहुंचाएगा।

सभी जरूरी सुविधाएं एक ही छत के नीचे

अस्पताल में सेकेंडरी लेवल की पूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें 13 ओपीडी रूम, इमरजेंसी ब्लॉक, 7 ऑपरेशन थिएटर (बड़े और छोटे ऑपरेशन के लिए), 2 रजिस्ट्रेशन काउंटर और एडवांस जांच सुविधाएं जैसे ईसीजी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और 3 आधुनिक लैब शामिल हैं। यहां मरीजों को मुफ्त जांच, सर्जरी और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से सलाह मिलेगी। इस अस्पताल में ईएनटी, घुटने की रिप्लेसमेंट जैसी स्पेशलाइज्ड सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। मातृ-शिशु ब्लॉक में महिलाओं और नवजात बच्चों की देखभाल पर खास ध्यान दिया गया है। यहां एक्सपर्ट गायनेकोलॉजिस्ट की देखरेख में सी-सेक्शन और नॉर्मल डिलीवरी दोनों हो सकेंगी। अस्पताल में इमरजेंसी केयर और एडवांस प्रोसीजर भी उपलब्ध होंगे।

ग्रामीणों को अब दूर जाने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह अस्पताल हजारों लोगों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि पहले मरीजों को इलाज के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब सब कुछ धुरी में ही मिलेगा। सीएम ने कहा कि इससे ग्रामीण इलाकों के लोगों को बहुत फायदा होगा। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार स्वास्थ्य सुधारों पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 1,500 से ज्यादा डॉक्टर, जिनमें 600 से ज्यादा स्पेशलिस्ट हैं, भर्ती किए जा चुके हैं। साथ ही 800 से ज्यादा आम आदमी क्लिनिक चल रहे हैं।

Image Source : x.com/BhagwantMannकार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान।

AAP सरकार का स्वास्थ्य क्रांति का वादा पूरा

इस  आधुनिक उपमंडलीय अस्पताल और मातृ-शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक का उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस विजन को दिखाता है जिसमें उन्होंने यह सुनिश्चित करने की बात कही है कि कोई भी नागरिक इलाज से वंचित नहीं रहेगा। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और डॉक्टरों की उपलब्धता से पंजाब में समय पर और बेहतर इलाज सुनिश्चित हो रहा है। पंजाब सरकार ने लक्ष्य तय किया है कि दूर-दराज के इलाकों तक भी स्पेशलाइज्ड केयर पहुंचे और पंजाब देश के लिए मिसाल बने।